Maha Kumbh 2025: माघ पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, अब तक 46 करोड़ लोगों ने किया पवित्र स्नान

बुधवार सुबह 8 बजे तक महाकुंभ में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 92.13 लाख है, तो वहीं, 1.02 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान किया है। 11 फरवरी तक कुल 46.25 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई है।
महाशिवरात्रि पर बन सकता है नया रिकॉर्ड
ऐसी संभावना जताई जा रही है कि आज यानी माघ पूर्णिमा और 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर नया रिकॉर्ड बन सकता है। मेला अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि आज माघी पूर्णिमा का स्नान है।
इस बार मेले में अप्रत्याशित भीड़ देखने को मिल रही है। लोग आस्था की डूबकी लगा रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयाग पहुंच रहे हैं और संगम में पवित्र स्नान कर रहे हैं। आने वाले दिनों में यह भीड़ बढ़ सकती है।
ये दिग्गज कर चुके हैं संगम स्नान
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (मंत्रिमंडल समेत) संगम में डुबकी लगा चुके हैं।
इसके अलावा प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, श्रीपद नाइक, बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी, राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति, असम विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता माता प्रसाद पांडे भी संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।