Haryana Panchayat Elections : भाजपा हरियाणा में पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी, सांसदों व मंत्रियों को प्रभार सौंपे

 
Haryana Panchayat Elections : भाजपा हरियाणा में पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटी, सांसदों व मंत्रियों को प्रभार सौंपे
WhatsApp Group Join Now

हरियाणा भाजपा राज्य में सितंबर माह में होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने पंचायत चुनाव के लिए सांसदों, विधायकों और नेताओं को जिम्‍मेदारी सौंपी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने सोमवार को हर जिले के लिए पंचायत चुनाव प्रभारियों के नाम की घोषणा कर दी है।

सुभाष बराला सिरसा, कैप्टन अभिमन्यु भिवानी, जेपी दलाल हिसार और विपुल गोयल नूंह जिलों के प्रभारी

हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं राज्य सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन सुभाष बराला को सिरसा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल को नूंह जिला दिया गया है। नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य कृष्णलाल पंवार करनाल जिले का प्रभार संभालेंगे।

धर्मवीर रोहतक, कृष्ण पंवार करनाल, जाकिर हुसैन फरीदाबाद और रणबीर गंगवा को फतेहाबाद जिले के प्रभारी

पंचायती राज चुनाव प्रभारी के रूप में शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री कंवरपाल गुर्जर पहले से कार्यरत हैं।विधानसभा का मानसून सत्र खत्म होते ही राज्य में पंचायत चुनाव की घोषणा हो सकती है। राज्य चुनाव आयोग को सरकार ने चुनाव कराने की अनुमति प्रदान कर दी है। राज्य चुनाव आयोग भी इसके लिए तैयार है। राज्य चुनाव आयोग को ३० सितंबर से पहले-पहले हर हाल में चुनाव कराने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत चुनाव एक ही चरण में दो दिनों के भीतर होंगे।

विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा को फतेहाबाद जिला, कृषि मंत्री जेपी दलाल हिसार, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु भिवानी और पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा को दादरी जिले का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। हरको बैंक के चेयरमैन अरविंद यादव महेंद्रगढ़, समाज कल्याण राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव को रेवाड़ी, सहकारिता मंत्री डा. बनवारी को गुरुग्राम और भाजपा नेत्री डा. सुधा यादव को पलवल जिले का प्रभार सौंपा गया है।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रभारी जाकिर हुसैन को फरीदाबाद, भाजपा के प्रदेश महामंत्री मोहन लाल कौशिक झज्जर, भिवानी के सांसद धर्मवीर को रोहतक और भाजपा महामंत्री वेदपाल एडवोकेट को सोनीपत जिले का प्रभार दिया गया है।

हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने बताया कि पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर को पानीपत, पूर्व राज्य मंत्री कर्ण देव कांबोज कुरुक्षेत्र, भाजपा के प्रदेश महामंत्री डा. पवन सैनी को कैथल, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा जींद, खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह को अंबाला, कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी को पंचकूला और मीडिया विभाग के चेयरमैन संजय शर्मा को यमुनानगर जिले का पंचायत चुनाव प्रभारी बनाया गया है।

प्रदेश स्तरीय चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्यों में पानीपत ग्रामीण के विधायक महीपाल ढांडा, राज्यसभा सदस्य डीपी वत्स, पूर्व विधायक रवींद्र बलियाला, प्रदेश सदस्य शमशेर खरकड़ा, कल्यण सिंह तथा राजेश कुमार शामिल हैं।