Weather Update: उत्तर भारत को क्यों झुलसा रही भीषण गर्मी? मौसम विभाग ने बताई वजह

Weather Update: उत्तर भारत में आसमान से बरस रही आग ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में हीटवेव लोगों को झुलसा रही है। रजास्थान में प्रचंड गर्मी से 5 लोगों की मौत हो गई।
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र ने बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह 79 वर्षों में सबसे अधिक है। 17 जून, 1945 को तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस था। गर्मी से बेहाल दिल्ली ने राहत की सांस तब ली, जब शाम में एनसीआर में छिटपुट वर्षा हुई। मौसम विभाग (आइएमडी) ने पहले ही रेड अलर्ट जारी कर दिया था। सागर से आने वाली हवा ने राजस्थान को थोड़ी राहत पहुंचाई।
आज से यहां बारिश की संभावना
किंतु पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं ओडिशा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। आइएमडी का कहना है कि एनसीआर में छिटपुट वर्षा के बावजूद उत्तर-पश्चिम भारत को बहुत राहत नहीं मिलने जा रही। पाकिस्तान में बन रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुरुवार से शुक्रवार के बीच दिल्ली समेत जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में वर्षा की स्थिति बन रही है, लेकिन इसका असर खत्म होते ही तापमान फिर कुछ ऊपर चढ़ सकता है।
क्यों बढ़ रहा तापमान
दो दिन पहले तक दिल्ली में पूर्व से नमी वाली हवा आ रही थी, जिसमें तापमान 40-42 डिग्री होने के बावजूद 50 डिग्री वाली गर्मी का अनुभव हो रहा था। ¨कतु हवा की दिशा बदली और पश्चिम से पूर्व की ओर चलने लगी तो राजस्थान से आने वाली लू के चलते तापमान भी ऊपर चढ़ गया। मौसम विज्ञानी महेश पलावत इसे ला-नीना इफेक्ट भी मानते हैं। उनका कहना है कि अलनीनो जिस वर्ष समाप्त होने लगता है, उस वर्ष का तापमान थोड़ा बढ़ जाता है।
केरल में मानसून का आज आगमन
देश के दक्षिण एवं पूर्वोत्तर हिस्सों में समय से पहले ही मानसून का आगमन होने जा रहा है। आइएमडी द्वारा गुरुवार को किसी भी समय केरल में मानसून आने की घोषणा की जा सकती है। परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। पहले 31 मई और एक जून के बीच में मानसून के आगमन का अनुमान व्यक्त किया गया था। अब 30 मई का संशोधित पूर्वानुमान जारी किया गया है। आइएमडी ने कहा है कि अंडमान निकोबार से मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुंगेशपुर के तापमान 52.9 डिग्री को लेकर बना रहा भ्रम
मौसम विभाग के मुंगेशपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के रिकॉर्ड बुक में दिल्ली का अभी तक का सर्वाधिक तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, बाद में मौसम विभाग ने स्पष्ट किया कि 52.9 डिग्री सेल्सियस तापमान 'सेंसर में त्रुटि या स्थानीय कारक' के कारण था। सेंसर और आंकड़े की हम जांच कराएंगे। मौसम विभाग ने कहा, एनसीआर में उसके 15 आटोमैटिक वेदर स्टेशन हैं। सभी का अधिकतम तापमान बुधवार को 45.2 से 49.1 के बीच रहा है।
ऐसे में मुंगेशपुर का इतना अधिक तापमान सेंसर की किसी त्रुटि अथवा स्थानीय कारकों के कारण हो सकता है। पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरण रिजिजू ने भी कहा कि इतना अधिक तापमान दिल्ली के लिए बहुत असामान्य है। आइएमडी के वरिष्ठ अधिकारियों से इसका सत्यापन करने के लिए कहा गया है। निजी एजेंसी स्काईमेट के प्रवक्ता महेश पलावत का भी कहना है कि मुंगेशपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र का थर्मामीटर गलत रीड कर सकता है।
लू के चलते दिल्ली में श्रमिकों को तीन घंटे का ब्रेक
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने भयंकर गर्मी के मद्देनजर श्रमिकों के लिए दोपहर 12 से तीन बजे तक सवेतन छुट्टी रखने का आदेश दिया है। उन्होंने निर्माण स्थलों पर श्रमिकों के लिए साफ पानी, नारियल पानी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है। उत्तर प्रदेश में गर्मी का तल्ख तेवर बरकरार है। प्रयागराज में बुधवार को भीषण गर्मी ने 140 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहां मई में दिन का पारा पहली बार 48.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
पंजाब और उत्तराखंड में रेकॉर्ड गर्मी
पंजाब में गर्मी के मारे लोगों का बुरा हाल है। बुधवार को बठिंडा का अधिकतम तापमान 48.5 डिग्री और पठानकोट का तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी रेकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। आसमान से बरसती आग से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। देहरादून में तापमान रिकॉर्ड 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
हिमाचल में लू की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में लू चल रही है और पहाड़ भी तप रहे हैं। बुधवार को पहली बार ऊना का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जम्मू में लगातार 14वें दिन पारा 40 डिग्री से ऊपर बना रहा। यहां पर प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच किसी भी वाहन को खींचने या भार फिर ढोने के लिए पशुओं के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है।