Haryana News: हरियाणा में जल्द हो सकती है शहरी निकाय चुनाव की घोषणा, 34 स्थानीय निकायों में होंगे चुनाव
रविवार को अवकाश के बावजूद जिला निर्वाचन अधिकारी व कर्मचारी मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन करने की तैयारियों में जुटे रहे। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह राज्य में चुनाव की घोषणा हो सकती है। राज्य सरकार की ओर से सभी शहरी निकायों में मेयर और अध्यक्षों के साथ वार्डों के आरक्षण की घोषणा की जा चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग को 4 फरवरी से पहले-पहले प्रथम चरण का चुनाव कराना था, लेकिन मतदाता सूचियों के प्रकाशन में देरी के चलते चुनाव आयोग की ओर से हाई कोर्ट में कुछ समय और मांगा गया है।
अभी तक मानेसर में नहीं हुए चुनाव
मानेसर निगम गठित होने के बाद भी अभी तक यहां चुनाव नहीं हुए हैं। इसी तरह सोनीपत और अंबाला के मेयर विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के कारण दोनों नगर निगमों में मेयर का पद खाली है। पहले चरण में अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर और सोनीपत नगर निगम के चुनाव कराए जाएंगे।
17 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक ड्राफ्ट जारी करने के बाद लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम, पता, फोटो आदि संशोधन करवाने, नए वोट बनवाने तथा कटवाने के लिए 23 दिसंबर तक आवेदन मांगे गए थे।
27 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निपटारा किया जा चुका है। मतदाताओं को जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अंतिम दावे के लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया गया था। प्रदेश से आई अंतिम आपत्तियों का भी 3 जनवरी को निपटारा कर दिया गया था।
34 स्थानीय निकायों में होंगे चुनाव
प्रदेश में कुल 34 स्थानीय निकायों में चुनाव होने हैं। 24 निकायों में चुनाव पहले चरण में करवाए जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग ने पांच नगर निगमी, तीन नगर परिषदी और 26 नगर पालिकाओं में मतकता सूचियों को 6 जनवरी तक फाइनल करने के निर्देश जारी कर रखे हैं।
प्रदेश में कुल 11 नगर निगम है, जिनमें फरीदाबाद नगर निगम का कार्यकाल फरवरी 2022, गुरुग्राम नगर निगम का कार्यकाल नवंबर 2022 में खत्म हो चुका है। जबकि करनाल, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर और हिसार नगर निगम का कार्यकाल इस साल जनवरी में खत्म हो गया है।