जींद में दीवार फांदकर दो लड़कियां हुई फरार, तलाश में जुटी पुलिस

 
जींद में दीवार फांदकर दो लड़कियां हुई फरार, तलाश में जुटी पुलिस
WhatsApp Group Join Now

जींद के डीसी कॉलोनी में स्थित कलाम बाल आश्रम से दो युवतियां देर शाम को दीवार फांदकर फरार हो गई है जिसके बाद बाल आश्रम प्रशासन ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है।

जानकारी के मुताबिक एक लड़की बिहार की है और एक लड़की असम की है। दोनों लड़कियों को करीब एक हफ्ते पहले ही बाल आश्रम में छोड़ा गया था और विभाग की तरफ से दोनों की काउंसलिंग की जा रही थी, लेकिन सोमवार की देर शाम दोनों फरार हो गई।

लड़कियों के आश्रम से गायब होते ही हड़कंप की स्थिति बन गई और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस की टीम ने आसपास के एरिया में लड़कियों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।

कलाम बाल आश्रम की अधीक्षक शांति देवी ने बताया कि बाल कल्याण समिति जींद ने छह सितंबर को 16 वर्षीय लड़की को बरामद किया था। उसके द्वारा घर का पता नहीं बताने के चलते उसको आश्रम में छोड़ा गया था। जहां पर विभाग की टीम इस लड़की की काउंसलिंग कर रही थी।

इसी दौरान 11 सितंबर को असम की एक 15 वर्षीय लड़की को आश्रम में छोड़ा गया था। दोनों ही लड़कियों को आश्रम के कमरों में छोड़ा गया था। सोमवार देर शाम को दोनों लड़कियां आश्रम में घूम रही थी। इसी दौरान वहां पर तैनात स्टाफ को चकमा देकर आश्रम के पीछे की दीवार को फांदकर दोनों लड़कियां फरार हो गई।