Opium Cultivation in Haryana : हरियाणा में पकड़ा गया अफीम की खेती करता किसान, गन्ने के खेत में लगाए थे प्रतिबंधित पौधे

हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एक बार फिर किसान द्वारा खेत में अफीम की खेती का मामला सामने आया है।

 
Opium Cultivation in Haryana

हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एक बार फिर किसान द्वारा खेत में अफीम की खेती का मामला सामने आया है। इस बार नागपुर थाना क्षेत्र में एक किसान के खेत से काफी संख्या में अफीम के पौधे मिले। पुलिस ने पौधे उखाड़कर जब्त कर लिए हैं और किसान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। इससे पहले 13 फरवरी को बीघड़ क्षेत्र में एक किसान के खेत से अफीम की खेती मिली थी।

नागपुर चौकी इंचार्ज चिमनलाल हुक्मावाली क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि किसान शेर सिंह अपने खेतों में अफीम की खेती कर रहा है। जिस पर रेड पार्टी तैयार की गई और बिजली निगम के एसडीओ रतिया को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर जब मौके पर जाकर देखा तो पाया कि गन्ने के खेतों में काफी संख्या में अफीम के पौधे उगाए हुए थे। पुलिस ने सारे पौधे उखाड़कर जब्त कर लिए और आरोपी किसान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

इससे पहले जिले के गांव बीघड़ में एक किसान के सरसों की फसल के बीच काफी संख्या में अफीम के पौधे मिले थे। हरियाणा में खसखस के पौधे की खेती प्रतिबंधित है। क्योंकि इसके पौधे से अफीम चूरापोस्त सहित कई तरह का नशीले पदार्थ भी तैयार होते हैं। हालांकि खसखस दवाइयों के तौर पर इस्तेमाल होता है लेकिन हरियाणा में इसकी खेती प्रतिबंधित है।