Haryana Government: हरियाणा में गौशालाओं के लिए 216 करोड़ से अधिक का फंड जारी, सैनी सरकार ने चारे के लिए दिए 270 करोड़
सीएम ने कहा कि किसान गोशालाओं में चारा पहुंचा रहे हैं। इसके लिए मिशन मोड के तहत काम किया जाएगा। सीएम ने गोभक्तों से कहा कि प्रदेश सरकार उनका सहयोग करने में कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि गो माता की कोई भी चीज व्यर्थ नहीं है। वातावरण तक को शुद्ध बनाने में गो माता की बड़ी भूमिका है। परिवारों में पहली रोटी गाय की बनती है और हम अपनी संस्कृति संस्कार को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं।
आज प्रदेश में 683 गौशालाएं पंजीकृत
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले गायों के लिए 2 करोड़ रुपए का बजट था। गो माता के संरक्षण के लिए बजट को बढ़ाकर 510 करोड़ रूपए किया गया। 2014 से पहले 215 गौशालाएं पंजीकृत थी, लेकिन आज प्रदेश में 683 गौशालाएं पंजीकृत हैं और आज यहां साढ़े 4 हजार गोवंश संरक्षित हैं। सीएम ने कहा कि इस साल सरकार ने 608 गौशालाओं को 66 करोड़ रुपए जारी किए हैं।
गोशालाओं के लिए जारी किया फंड
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गोवंश सड़कों पर दिखाई न दे। उन्होंने कहा कि सरकार ने गोशालाओं को चारे के लिए 270 करोड़ रुपए जारी किए है। इसके अलावा गोशालाओं में 2 रूपए प्रति यूनिट की दर से बिजली दी है। गोशालाओं पर 330 सोलर पैनल लगवाए। उन्होंने कहा कि गोशालाओं के लिए आज भी 216 करोड़ 25 लाख रुपए जारी किए हैं।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि गाय के गोबर से क्रोमो तैयार किया गया, इससे प्राकृतिक खेती की तरफ आगे बढ़ा जाएगा। प्राकृतिक खेती से बीमारियों से बचाव होगा। उन्होंने कहा कि वैक्सीन बनाकर लंपी बीमारी की रोकथाम की गई। पीएम मोदी ने ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा दिया है। मोबाइल पशु चिकित्सालय भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
गोवंश को खिलाया चारा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने गो सेवा सम्मेलन में शामिल होने से पहले गोवंश को हरा चारा खिलाया। साथ ही बछड़ों को दूध भी पिलाया। उन्होंने गो माता और गोपाल भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्रदेश के परिवारजनों पर सदैव बने रहने की कामना भी की। इस दौरान गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण गर्ग और स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी मौजूद रहे।