Kal Ka Mausam: हरियाणा, पंजाब समेत देशभर में कल 17 दिसंबर को कैसा रहेगा मौसम, देखें मौसम पूर्वानुमान
Kal ka Mausam: देश के कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में कोल्डवेव के कारण लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
हरियाणा - पंजाब समेत कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में न्यूनतम तापमान बढ़ने से सर्दी के सितम से लोगों को कुछ राहत मिली। इसी बीच मौसम विभाग ने कल के मौसम को लेकर ताजा अपडेट दिया है।
यहां देखें मौसम पूर्वानूमान...
दक्षिण अंडमान सागर और इससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर स्थित चक्रवाती परिसंचरण अब दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर मौजूद है और समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।
अगले 24 घंटों के दौरान इस क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो बाद में और अधिक प्रभावी होकर पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में तमिलनाडु तट की ओर बढ़ सकता है।
एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्व अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र के आसपास बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
मध्य पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू क्षेत्र में समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर मौजूद है।
अगले 24 घंटे देशभर में कैसा रहेगा मौसम
अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
17 और 18 दिसंबर को तमिलनाडु में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और इस दौरान मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ज़मीन पर पाला (ग्राउंड फ्रॉस्ट) पड़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं दक्षिण केरल में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा असम के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार और त्रिपुरा में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया और राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रही।