हरियाणा के 4 जिलों में झमाझम बारिश: पंजाब में अगले कुछ घंटों में 10 जगह बिगड़ेगा मौसम, हिमाचल में PWD कर्मचारियों की छुटि्टयां रद्द

हरियाणा में शुक्रवार को मानसून ने दस्तक दे दी है। इससे पहले मानसून गुरुवार को पंजाब और हिमाचल में एंट्री कर चुका था।
 
हरियाणा के 4 जिलों में झमाझम बारिश: पंजाब में अगले कुछ घंटों में 10 जगह बिगड़ेगा मौसम, हिमाचल में PWD कर्मचारियों की छुटि्टयां रद्द
WhatsApp Group Join Now

हरियाणा में शुक्रवार को मानसून ने दस्तक दे दी है। इससे पहले मानसून गुरुवार को पंजाब और हिमाचल में एंट्री कर चुका था। आज चंडीगढ़ और पंजाब में पूरी तरह कवर करेगा। इन तीनों जगह एक जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

शनिवार दोपहर को हरियाणा के पानीपत, सोनीपत, रोहतक और नारनौल में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आज महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, हिसार में मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी।

वहीं मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के मुताबिक, पंजाब के संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट में अगले कुछ घंटों में बारिश की उम्मीद है।

हिमाचल में PWD कर्मचारियों की छुटि्टयां रद्द

हिमाचल प्रदेश में मानसून के दस्तक देते ही लोक निर्माण विभाग ने फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी है। फील्ड स्टाफ को अब बरसात खत्म होने तक छुटि्टयां नहीं मिलेगी। PWD कर्मियों को अगले ढाई महीने तक केवल आपातकालीन स्थिति में ही छुट्टी मिलेगी।

इन आदेशों के बाद PWD के कनिष्ठ अभियंता समेत सुपरवाइर, पोकलेन, डोजर, रोबोट, जेसीबी ऑपरेटर, बेलदार को हर वक्त सड़क पर तैनात रहना होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा समीक्षा बैठक के बाद विभाग ने सभी चीफ इंजीनियर, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंताओं को इसे लेकर आदेश जारी कर दिए है।

हरियाणा के अधिकतर शहरों का तापमान 40 से नीचे

2 दिन से हुई बारिश और हवा चलने के कारण हरियाणा के अधिकतर शहरों का तापमान 40 डिग्री के नीचे है। शुक्रवार को सिरसा का तापमान सबसे ज्यादा 40.6 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान फरीदाबाद का 24.3 दर्ज किया गया।

भिवानी में महिला की करंट से मौत

भिवानी के हसान गांव में महिला शर्मिला को करंट लग गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वह खेत में बना ट्यूबवैल चलाने गई थी। वहां बारिश के बाद जलभराव से ट्यूबवेल की तार में करंट आ रहा था। जिस वजह से महिला तार से चिपक गई। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों ने बिजली लाइन बंद की। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई।

नूंह में पानी के गड्‌ढे में डूबने से बच्चे की मौत

नूंह के पिनगवां कस्बे में ईदगाह के समीप शुक्रवार को 7 वर्षीय बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई। बच्चे की पहचान जावेद पुत्र सलीम निवासी पिनगवां के रूप में हुई है। सात साल का मासूम सुबह करीब 9 बजे घर से थोड़ी दूर अपने बहन भाइयों के साथ खेलने गया था। जहां पर वह गड्ढे में भरे हुए पानी में नहाने के लिए कूद गया। गड्ढे की गहराई करीब आठ फीट बताई जा रही है। बच्चा इसमें डूब गया। गड्‌ढे में बरसाती पानी भरा हुआ था।

हिमाचल में मलबे में दबी 6 गाड़ियां, पुल को खतरा

हिमाचल में पहली बारिश ने शिमला और सोलन में तबाही मचा दी। ​​​​​सोलन के कुनिहार में हैवी रेन के बाद गंभर पुल को फिर से खतरा पैदा हो गया। वहीं शिमला के भट्टाकुफर-आईएसबीटी बाइपास, चुरट नाला और ढली टनल के समीप एक स्कूल के पास में 6 गाड़ियां मलबे की चपेट में आ गईं। कुनिहार-नालागढ़ स्टेट हाईवे के अलावा क्षेत्र की आधा दर्जन ग्रामीण सड़कें भी बंद हो गई है।