हरियाणा के रोहतक को दिवाली पर बड़ी सौगात, जनता को समर्पित की ये बड़ी योजना

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दिपावली के अवसर पर रोहतक शहरवासियों को विकासात्मक परियोजना का एक और तोहफा देते हुए आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संत नामदेव जी द्विमार्गीय रेलवे ऊपरगामी पुल समपार संख्या-60 (कच्चा बेरी रोड़) का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया।
47 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि से नवनिर्मित यह द्विमार्गीय रेलवे ऊपरगामी पुल की लम्बाई 1150 मीटर तथा चाड़ाई 7 मीटर है।
मुख्यमंत्री द्वारा लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया है। अब शहरवासियों को इस सडक़ पर जाम से मुक्ति मिली है।
उन्होंने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि विगत 9 वर्षों में केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा ढांचागत सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।
इस नवनिर्मित रेलवे ऊपरगामी पुल का नाम महान संत नामदेव जी महाराज के नाम पर रखा गया है ताकि इस सड़क से गुजरने वाले हर व्यक्ति को उनकी शिक्षाओं व संदेश से प्रेरणा मिलती रहे। संत नामदेव जी ने गीता, रामायण व महाभारत जैसे ग्रंथों का मराठी भाषा में अनुवाद कर ज्ञान के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रदेश में अब तक 62 रेलवे ऊपरगामी पुल निर्मित, ढांचागत सुविधाओं में किया जा रहा है सुधार
श्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रदेश में 62 रेलवे ऊपरगामी पुलों के निर्माण पर 1151 करोड़ रुपये खर्च किये गए हैं। 50 आरओबी पर कार्य जारी है।
प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है। 20 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किये गए हैं, 8 राष्ट्रीय राजमार्गों का कार्य पूर्ण किया गया है तथा 12 राष्ट्रीय राजमार्गों पर कार्य जारी है।
रैपिड रेल प्रोजेक्ट पर 70 हजार करोड़ रुपये की राशि से दिल्ली से पानीपत मार्ग पर प्रथम चरण में सुविधा मिलेगी।