हरियाणा में पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, डॉक्टर के खिलाफ शिकायत देने को लेकर हुआ था पति से झगड़ा

हरियाणा के सिरसा जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां रविवार देर रात एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस का कहना है कि मृतका ने गांव के एक डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन बाद में महिला ने बयान देने से मना कर दिया। इसके चलते उसका पति से झगड़ा हो गया।
डॉक्टर-महिला के बीच हुई थी अनबन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हरप्रीत के गांव के एक डॉक्टर के साथ अवैध संबंध थे। कुछ दिन पहले हरप्रीत और डॉक्टर के बीच अनबन हो गई। इसके बाद हरप्रीत ने रोड़ी थाने में डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
कल पुलिस ने हरप्रीत कौर को बयान दर्ज करने के लिए थाने में बुलाया था। यहां हरप्रीत बयान देने से मुकर गई। इसी बात से हरप्रीत का पति हरदीप से झगड़ा हो गया।
रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे उसने कुल्हाड़ी से हरप्रीत कौर की गर्दन काट डाली। इसके बाद हरदीप सिंह मौके से फरार हो गया। हरप्रीत कौर को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
भाई बोला- दहेज के लिए परेशान करता था
किलियांवाली निवासी छिंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि उसकी बहन हरप्रीत के साथ हरदीप की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। उनके 3 बच्चे हैं। हरदीप सिंह चिनाई मिस्त्री का काम करता है। जीजा काफी समय से बहन हरप्रीत कौर को दहेज के लिए परेशान कर रहा था।
पुलिस बोली- जल्द गिरफ्तार करेंगे
रोड़ी थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी हरदीप सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सोमवार दोपहर को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।