Haryana Weather: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में होगा बड़ा बदलाव, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
Haryana Weather: हरियाणा में शीतलहर का कहर जारी है। पिछले कई दिनों से लगातार तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। ऐसे में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। आनें वाले दिनों में ठंड ज्यादा बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 20 दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल के अनुसार हरियाणा में आगे भी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। 20 दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट है। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।
इसकी वजह से पूर्वी हवाएं चलेंगी, कोहरा छा सकता है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर हरियाणा में भी देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी।
आज इन जिलों में अलर्ट
आज 19 दिसंबर को मौसम विभाग ने सूबे के 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इनमें करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, जींद, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी शामिल हैं। इन जिलों में सुबह से ही 10 से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चल रही हैं।
सोनीपत रहा सबसे ज्यादा ठंड
मौसम में बदलाव के साथ ही प्रदेश के 8 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम हो चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार सुबह सोनीपत सबसे ठंडा जिला रहा, यहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हिसार के बालसमंद का तापमान 2.6 डिग्री दर्ज किया गया।