Haryana Weather Update: हरियाणा में जीरो हुआ 3 शहरों का तापमान, 48 घंटे में बारिश के साथ गिरेंगे ओले

 
हरियाणा में पहली बार 3 शहरों का तापमान जीरो
WhatsApp Group Join Now


हरियाणा में लगातार ठंड का प्रकोप जारी है। पहली बार 3 शहरों में तापमान जीरो पहुंच गया है। बुधवार को चंडीगढ़ मौसम केंद्र के जारी आंकड़ों के अनुसार हिसार के बालसमंद, रोहतक और महेंद्रगढ़ में तापमान जीरो डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत और सिरसा में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट किया है।  

प्रदेश में 26 दिसंबर की रात से बारिश के आसार बन रहे हैं। जीटी रोड बेल्ट में आते जिलों सोनीपत, पानीपत, करनाल, अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल आदि जिलों में बारिश के आसार ज्यादा हैं। मौसम विभाग ने 27 दिसंबर को कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना जताई है। मंगलवार को सुबह सोनीपत और पानीपत तो रात को गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश हुई।

2 दिन में 1.8 MM बारिश
दो दिन में प्रदेश में औसतन 1.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इससे दिसंबर में बारिश की कमी 46% धुल गई। 1 से 24 दिसंबर तक 2.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी हुई है, जो सामान्य से 44% कम है। इस अवधि में 3.9 मिलीमीटर बारिश सामान्य मानी जाती है।
 
मौसम विशेषज्ञ बोले- रात के तापमान में गिरावट आएगी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया है कि 25-26 दिसंबर को प्रदेश में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की गति से उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे रात्रि तापमान में गिरावट हो सकती है।

इस दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 26 दिसंबर की रात से हवाओं के रुख में बदलाव आ रहा है।

इससे उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे 27 व 28 दिसंबर को प्रदेश में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। उत्तरी व दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी की भी संभावना है, लेकिन 29 दिसंबर से मौसम शुष्क रहेगा।