Haryana Weather Update: हरियाणा में 48 डिग्री पार हुआ तापमान: विशेषज्ञ बोले- मांसपेशियां दे सकती है जवाब, हीटवेव का रेड अलर्ट जारी

हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर जारी है। रविवार से नौतपा के दूसरे दिन प्रदेश में तापमान 48 डिग्री पार पहुंच गया।
 
हरियाणा में 48 डिग्री पार हुआ तापमान: विशेषज्ञ बोले- मांसपेशियां दे सकती है जवाब, हीटवेव का रेड अलर्ट जारी
WhatsApp Group Join Now

Haryana Weather Update: हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर जारी है। रविवार से नौतपा के दूसरे दिन प्रदेश में तापमान 48 डिग्री पार पहुंच गया। हिसार का अधितकतम तापमान 48.4 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार तापमान 48 से 50 डिग्री तक रह सकता है। ज्यादा गर्मी के कारण मांसपेशियां जवाब दे सकती है जो मौत का कारण बन सकती है। 

इस तरह की स्थितियों में बच्चे, बूढ़े, गर्भवती महिलाएं या बीमार लोग जल्दी शिकार हो सकते हैं। वहीं हिसार में 12वीं तक स्कूलों में 30 जून तक छुट्टियों का ऐलान कर दिया गया है। इसके अलावा गुरुग्राम में DC ने 31 मई तक नर्सरी से 8वीं क्लास तक की छुटि्टयों का ऐलान किया है।

उधर, प्रदेश के 16 जिलों में 26, 27 और 28 मई को रेड अलर्ट जारी किया है। रेड अलर्ट वाले जिलों में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं।

यहां तापमान में 1 से 2 डिग्री बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। राज्य के बाकी जिलों में भी मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल शामिल हैं। इन जिलों में भी तापमान 44 से 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।

वहीं हिसार में DC प्रदीप कुमार दहिया ने DEO को पत्र लिखकर स्कूलों में 31 मई तक छुट्टियां करने के आदेश दिए हैं। डीसी ने यह आदेश हरियाणा माध्यमिक शिक्षा निदेशक के आदेशों का हवाला देकर जारी किए हैं।

डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। हरियाणा के हांसी में 22 मई को डिहाइड्रेशन से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत का मामला भी सामने आ चुका है। ऐसे में लोगों को खूब पानी पीना चाहिए। साथ ही जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलना चाहिए।


आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि अगले 4-5 दिनों के दौरान हरियाणा में मौसम शुष्क रहेगा। फिलहाल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री के बीच बना हुआ है। अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। हालांकि, प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में यह 42-44 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

इससे प्रदेश में हीटवेव जारी रहने की उम्मीद है। खासकर दक्षिणी व पश्चिमी हिस्सों में गंभीर हीटवेव की स्थिति रहेगी, जहां कुछ स्थानों पर दिन का तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर और उसके बाद छिटपुट स्थानों पर गर्म रात की स्थिति बन सकती है।


सरकार ने अब तक ये इंतजाम किए
हरियाणा में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों में सरकार ने छुट्‌टी घोषित कर दी है। साथ ही गर्मियों में बच्चों के लिए स्कूलों वाटर कूलर लगाने के ऑर्डर शिक्षा विभाग ने जारी कर दिए हैं। मुख्यालय की ओर से जारी ऑर्डर में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को कहा गया है कि वह विभाग की आधिकारिक मेल ID पर इसकी जानकारी तुरंत भेजें। विभाग ने यह ऑर्डर लगातार पड़ रही गर्मी को देखते हुए लिया है।

ढाई महीने से बरसात नहीं हुई
हरियाणा में ढाई महीने में 31% कम बारिश हुई है। 4 जिले जींद, कुरुक्षेत्र, कैथल व करनाल में सामान्य से ज्यादा और अंबाला में सामान्य के आसपास बारिश हुई है। जबकि, 17 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है।

20 मई तक प्रदेश में 35 MM बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 24.8 MM बारिश रिकॉर्ड हुई है। हरियाणा में मई में अब तक मात्र 4.2 MM ही बारिश हुई है, जबकि इस माह में 11.3 MM बारिश सामान्य मानी जाती है।