Haryana Weather Update: हरियाणा में नए साल पर पड़ेगी कंपकंपा देने वाली ठंड, जानें आज कैसा रहेगा मौसम?
पहाड़ों पर आने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हरियाणा में हाड़ गलाने वाली सर्दी पड़ रही है। प्रदेश के ज्यादातर जिलो में दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। हिसार और बालसमंद और नारनौल में रातें सबसे ठंडी रही।
हरियाणा में 5 से 10km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है। घनी धुंध की वजह से अंबाला, अमृतसर और दिल्ली की ओर जाने वाली 25 ट्रेनें प्रभावित हुई है। 14 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब 9 घंटे देरी से चल रही हैं, जबकि 11 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
14 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट, कड़ाके की ठंड के आसार
मौसम विभाग ने नए साल पर 14 जिलों में कोल्डवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी तक हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पलवल, जींद, भिवानी, चरखी-दादरी में शीतलहर चलने की संभावना है।
शीतलहर से कड़ाके की ठंड की और घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने 3 जनवरी तक हरियाणा में शीतलहर चलने के आसार है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
बारिश से हवा साफ हुई
बारिश के कारण प्रदेश के कई शहरों हवा साफ हुई है। बारिश के बाद AQI 200 से नीचे आ गया है। मौसम विभाग ने नए साल पर घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है। IMD की तरफ से वर्षा होने के साथ ही अब कोहरे और शीतलहर का अलर्ट है।
पहाड़ की हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया है कि 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हिमालय की और से चलने वाली बर्फीली हवाओं से हरियाणा के मैदानी इलाकों में ठंड को प्रचंड बना दिया है।
इसके कारण नमी बढ़ने से सूबे के अधिकांश इलाकों की ऊपरी सतह पर कोहरे की सफेद चादर छाने के आसार हैं। इससे एक बार फिर से रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में 3 जनवरी तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से चलने से दिन व रात्रि तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कुछ क्षेत्रों में सुबह धुंध रह सकती है।