Haryana Weather Update: हरियाणा में 3 जनवरी तक पड़ेगी कंपकंपा देने वाली सर्दी, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
हरियाणा में दो दिन बारिश और ओले गिरने के बाद अब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पूरी तरह खत्म हो गया है। आज से सर्दी तेवर दिखाना शुरु करेगी। मौसम विभाग के अनुसार 3 जनवरी तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शुक्रवरा को 6 जिलों बारिश और ओलावृष्टि हुई।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश में आने वाले सप्ताह में 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी उत्तरी हवाएं चलेंगी।
चरखी दादरी जिले के 15 गांवों में ओलावृष्टि, 72 पेड़ गिरे
हिसार समेत कई जिलों में शुक्रवार को बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं चरखी दादरी जिले के 15 गांवों में बारिश और लगभग 20 मिनट तक ओले गिरे। ओलावृष्टि से सरसों और गेहूं की फसल को अधिक नुकसान पहुंचा है। प्रदेश सरकार ने ओलावृष्टि से फसलों के हुए नुकसान के संबंध में कृषि विभाग से रिपोर्ट मांगी है।
हिसार में शुक्रवार को 0.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले के गांव 50 गांवों में ओलावृष्टि से सरसों और गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। चरखी दादरी जिले में 20 मिनट तक हुई ओलावृष्टि ने खेतो में जमकर तबाही मचाई। करीब 15 गांवों में ओलावृष्टि हुई और इससे करीब छह हजार एकड़ में फसलों को नुकसान पहुंचा है।
सरसों और गेहूं की अगेती फसल समेत सब्जियों पर ओलावृष्टि की मार अधिक रही। आलम यह रहा कि शनिवार दोपहर तक खेतों में ओलों की सफेद चादर बिछी रही।
इसके अलावा जिले के विभिन्न मुख्यमार्गों पर करीब 72 पेड़ गिर गए। फतेहाबाद जिले के 13 गांवों में ओलावृष्टि से सरसों व बागवानी की फसलें चौपट हो गई है। सरसों की फसल बिछ गई है। राजस्व विभाग व कृषि विभाग अब प्रदेश सरकार के निर्देश पर विशेष गिरदावरी करेंगे।
झज्जर में बारिश के बाद बढ़ा कोहरा, दृश्यता रही 20 से 30 मीटर
झज्जर शहर व आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से बारिश हुई। बारिश के बाद रविवार को शहर व आसपास के क्षेत्रों में कोहरा रहा। बारिश के बाद कोहरा बढ़ने से ठंडी हवाएं चलने लगी, जिसके कारण लोगों को सर्दी का अहसास हुआ।
बता दें कि पिछले दो दिनों से बारिश होने के कारण कोहरा अधिक नहीं था, जिसके लोगों को कोहरे से तो निजात मिली थी, लेकिन बारिश के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
वहीं रविवार को कोहरा अधिक होने के कारण लोगों व वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोहरे का असर बाहरी क्षेत्र में अधिक देखने को मिला। इस दौरान दृश्यता करीब 20 से 30 मीटर रही। रविवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यमुनानगर में तीसरे दिन भी नहीं निकली धूप, बर्फीली हवा चलने से ठिठुरी जिदंगी
दो दिन बारिश के बाद तीसरे दिन भी सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। बारिश के बाद पारा लुढकने व धूप न निकलने के कारण रविवार को कड़ाके की सर्दी रही।
इस दौरान तड़के घना कोहरा छाया रहा। इसे बाद हवा चलने से कोहरा तो छंट गया, लेकिन ठंड और ज्यादा बढ़ गई। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान दृश्यता मात्र दस मीटर रही, जिस कारण वाहन रेंगते हुए सड़कों से गुजरे।
सुबह करीब सात बजे करीब 10km प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली, जिससे कोहरा तो छंट गया, लेकिन सर्दी बहुत ज्यादा बढ़ गई। बर्फीली हवा चलने से ठिठुरन रही। जिस कारण सर्दी से बचने के लिए रविवार को छुट्टी के दिन भी लोग घरों में दुबके रहे। वहीं, अन्य दिनों की अपेक्षा बाजार भी देरी से खुले।
ऐसे में शहर की व्यवस्तम सड़कों व बाजारों में लोगों की उपस्थिति बेहद कम देखने को मिली। वहीं, छुट्टी के दिन गुलजार दिखने वाले सार्वजनिक स्थल, पार्क, ग्राउंड इत्यादि भी खाली नजर आए। बाजारों में दुकानदार व कर्मचारी दिनभर खाली बैठे रहे और सर्दी से बचने के लिए सुबह शाम अलाव का सहारा लिया।
सर्दी को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग ने बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दिया है। बुजुर्गों को इन दिनों सुबह शाम की सैर का परहेज करने व घर में हल्का व्यायाम करने की सलाह दी है।
वहीं, बच्चों को खुले में बिना टोपी व गर्म कपड़ों को न जाने देने को सलाह दी गई है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार अब घना कोहरा व पाला पड़ेगा। कृषि विभाग के अनुसार कोहरा व पाला फसलों के लिए उत्तम होगा और पैदावार अच्छी होगी।
पूरा सप्ताह नहीं दिखेगा सूरज
मौसम विभाग के मुताबकि इस हफ्ते हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ेगी। सोमवार से शनिवार बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है। वहीं न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इस दौरान 12 से 18 km प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेगी।