Haryana Weather Update: हरियाणा में फिर होगी झमाझम बारिश, जानें आज कैसा रहेगा मौसम?

 
हरियाणा में फिर होगी झमाझम बारिश
WhatsApp Group Join Now

हरियाणा में इन दिनों कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। ठिठुरन की वजह से यहां मौसम हिमाचल से भी ज्यादा ठंडा हो गया है। शिमला और मनाली में तापमान 16 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं हरियाणा के सभी शहरों का तापमान 14 डिग्री से नीचे चला गया है।

हिसार का बालसमंद सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का पारा 10.1 डिग्री दर्ज किया गया है जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री नीचे है। 

मौसम विभाग ने आज कोल्ड डे की चेतावनी दी है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में कोल्ड डे का सितम जारी रहेगा। यहां कोहरे के साथ-साथ शीतलहर चलेगी।

 
4 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम, बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 4 व 5 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आने वाली हवाओं के चलते हरियाणा और पंजाब में बारिश की संभावना बन रही है। इसके बाद 10 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी तीन दिन तक सुबह और शाम धुंध छाई रहेगी। जनवरी महीने में 2 से 3 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं।

दिसंबर में 329% ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के चंडीगढ़ सेंटर के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल के मुताबिक दिसंबर सामान्य से 2 डिग्री तक ज्यादा गर्म रहा है। पहले हफ्ते में बारिश नहीं हुई, आखिरी हफ्ते में ज्यादा बरसात हुई।

अब जनवरी में ठंडक बनी रहेगी। दिसंबर में सामान्य से 329% ज्यादा बारिश हुई है। 1 से 31 दिसंबर तक प्रदेश में 6.1 MM बारिश सामान्य मानी जाती है। अबकी बार 26.2 MM हुई है।

डायरेक्टर बोले- गेहूं में बहुत अच्छी ग्रोथ
भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान केंद्र करनाल के डायरेक्टर डॉ. रत्न तिवारी के अनुसार गेहूं में बहुत अच्छी ग्रोथ है। मौसम अनुकूल रहा तो उत्पादन भी बेहतर होगा। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में पाला नहीं जमा है। अगले एक सप्ताह भी पाला जमने के आसार नहीं हैं।