Haryana Weather Alert: हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम, 9 शहर मनाली से भी ठंडे, 2 दिन बाद बारिश के आसार
Haryana Weather Alert: हरियाणा में नए साल की शुरुआत ठंड के साथ हुई है। प्रदेश में शिमला और मनाली जैसे हालात बन गए हैं। हरियाणा केई शहरों में तापमान 16 डिग्री से नीचे पहुंच गया। ज्यादातर शहरों का तापमान 14 डिग्री से नीचे चला गया है। हरियाणआ में फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
करनाल में कुफरी जैसी ठंड पड़ रही है। करनाल में दिन का तापमान 13 डिग्री रहा। प्रदेश के 9 शहर अंबाला, करनाल, नारनौल, रोहतक, गुरुग्राम, जींद, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत जो मनाली से भी ठंडे है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में अभी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंडे हुए मैदान
पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर दिखने लगा है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं ने और ठंड बढ़ा दी है। सुबह के समय कोहरा छाने और ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आई। हिसार के बालसमंद का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री तक पहुंच गया।
खीचड़ बोले- आज से बदल सकती हैं हवाएं
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण आज से हवाओं में बदलाव होगा उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना से मौसम करवट लेगा। आज से 6 जनवरी के दौरान बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।
इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है, लेकिन 5 जनवरी की रात और 6 जनवरी को राज्य में उत्तर व दक्षिण पश्चिमी के कुछ एक स्थानों पर बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
7 जनवरी से राज्य में मौसम खुश्क रहने और उत्तरी व उत्तर पश्चिमी से ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। कुछ एक क्षेत्रों में अलसुबह धुंध भी रह सकती है।
करनाल, हिसार सहित हरियाणा के 10 शहरों में कोल्ड डे रहेगा
मौसम विभाग की ओर से नई एडवाजरी जारी की गई है। इसमें 10 शहरों में आज कोल्ड डे की चेतावनी दी गई है। इन शहरों में सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत शामिल हैं।
सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद में हल्की धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत में कोल्ड डे का अटैक पूरा दिन रहेगा। इसके अलावा भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी और झज्जर में कोहरा रात के समय परेशानी का कारण बन सकता है।