Haryana Weather Alert: हरियाणा के 8 शहरों में 5 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान, फसलों पर जमा पाला
![फसलों पर जमा पाला](https://chopaltv.com/static/c1e/client/90348/uploaded/e637cd69d2be84705ee054aa5bb02639.jpg?width=968&height=554&resizemode=4)
हरियाणा में पिछले 11 दिनों से लगातार ठंड पड़ रही है। हरियाणा के 8 शहर ऐसे हैं जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह सोनीपत सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार के बालसमंद का तापमान 2.6 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा हिसार में 2.8, नारनौल में 2.8, सिरसा में 3.2, महेंद्रगढ़ में 4, जींद में 4.2 डिग्री, रोहतक में 4.9 और भिवानी व करनाल में 5.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वहीं प्रदेश के 10 जिलों में आज सुबह धुंध छाई हुई हैं। इनमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत, पलवल, जींद, नूंह, महेंद्रगढ़, हिसार और कैथल शामिल हैं। जींद में विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रही।कैथल में धुंध के साथ फसलों पर पाला भी जमा है।
इन जिलों में 10 से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज (19 दिसंबर) को 7 जिलों में शीतलहर चल रही है। इनमें करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, जींद, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी शामिल हैं।
मौसम विभाग ने रेवाड़ी, झज्जर, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, रोहतक और चरखी दादरी के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।