Haryana Weather Alert: हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी, शिमला और मनाली से भी नीचे पहुंचा तापमान, 2 दिन बाद बारिश का अलर्ट
हरियाणा में नए साल की शुरुआत ठंड के साथ हुई है। साल के पहले दिन ही घना कोहरा छाया रहा। शीतलहर की वजह से हरियाणा में ठंड में बढ़ोत्तरी हुई है। ठंड से बचने के लिए लोग आग का सहारा ले रहे हैं। शिमला और मनाली में तापमान 16 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं हरियाणा के सभी शहरों का तापमान 14 डिग्री से नीचे चला गया है।
हिसार का बालसमंद सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का पारा 10.1 डिग्री दर्ज किया गया है जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री नीचे है।
मौसम विभाग ने आज कोल्ड डे की चेतावनी दी है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में कोल्ड डे का सितम जारी रहेगा। यहां कोहरे के साथ-साथ शीतलहर चलेगी।
4 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम, बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक 4 व 5 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आने वाली हवाओं के चलते हरियाणा और पंजाब में बारिश की संभावना बन रही है। इसके बाद 10 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।
Observed #Minimum #Temperature over #Punjab, #Haryana & #Chandigarh dated 01-01-2025 pic.twitter.com/NWR0LY6DZX
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) January 1, 2025
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अभी तीन दिन तक सुबह और शाम धुंध छाई रहेगी। जनवरी महीने में 2 से 3 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं।
दिसंबर में 329% ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के चंडीगढ़ सेंटर के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल के मुताबिक दिसंबर सामान्य से 2 डिग्री तक ज्यादा गर्म रहा है। पहले हफ्ते में बारिश नहीं हुई, आखिरी हफ्ते में ज्यादा बरसात हुई।
अब जनवरी में ठंडक बनी रहेगी। दिसंबर में सामान्य से 329% ज्यादा बारिश हुई है। 1 से 31 दिसंबर तक प्रदेश में 6.1 MM बारिश सामान्य मानी जाती है। अबकी बार 26.2 MM हुई है।