Haryana News: हरियाणा में मतगणना से पहले BJP ने तैयार की बागियों की लिस्ट, हर सीट पर 15 से 17 बड़े नाम

हरियाणा लोकसभा चुनाव में बीजेपी बागी नेताओं की लिस्ट तैयार कर रही है। अब तक 2 लोकसभा सीटों की लिस्ट तैयार हो चुकी है। इनमें सिरसा और सोनीपत का नाम शामिल है।
 
हरियाणा में मतगणना से पहले BJP ने तैयार की बागियों की लिस्ट, हर सीट पर 15 से 17 बड़े नाम 
WhatsApp Group Join Now

Haryana News: हरियाणा लोकसभा चुनाव में बीजेपी बागी नेताओं की लिस्ट तैयार कर रही है। अब तक 2 लोकसभा सीटों की लिस्ट तैयार हो चुकी है। इनमें सिरसा और सोनीपत का नाम शामिल है। बागियों की ये लिस्ट सीएम सैनी तक पहुंच गई है। बची हुई 8 लोकसभा सीटों की रिपोर्ट रोहतक में होने वाली बीजेपी की अहम बैठक में दी जाएगी।

उम्मीदवारों ने बागियों की इन लिस्ट में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। इन लिस्टों में भाजपा सांसदों, विधायकों के अलावा लोकल अफसरों के भी नाम बताए गए हैं।

रिपोर्ट में उम्मीदवारों ने लिखा है कि इन्होंने चुनाव में पार्टी के साथ भीतरघात किया है। उन पर कांग्रेस के नेताओं के साथ मिलकर उनके एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया है।


अब पढ़िए 2 सीटों की लिस्ट में क्या...

सिरसा: एक MLA, नगर निगम ऑफिसर, XEN का नाम
सिरसा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर ने लोकल ऑफिसर, कर्मचारियों, भाजपा नेताओं और यहां तक ​​कि एक मौजूदा विधायक सहित लगभग 15 व्यक्तियों की लिस्ट तैयार की है, जिन्होंने कथित तौर पर प्रचार अभियान के दौरान विपक्षी दलों का पक्ष लिया था।

सिरसा की लिस्ट में एक नगर निगम अधिकारी, एक XEN, एक महिला कर्मचारी का नाम हैं। इनकी शिकायत की गई है कि इन्होंने कांग्रेस के लिए चुनाव में एजेंट के रूप में काम किया।

सोनीपत: सीटिंग MP, MLA ने किया भीतरघात
सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और विधायक मोहन लाल बड़ौली ने भी चुनाव में भीतरघातियों की लिस्ट बनाई है। इस लिस्ट में उन्होंने यहां से सीटिंग भाजपा सांसद और उनके करीबी एक विधायक का नाम शामिल किया गया है। इसके अलावा नगर निगम, DC ऑफिस के कुछ अधिकारियों की चुनाव में संदिग्ध संलिप्तता का जिक्र किया है।

लिस्ट के साथ बड़ौली ने भाजपा नेताओं के कुछ वीडियो भी भेजे हैं, जिसमें वह कांग्रेस के लिए काम करते दिख रहे हैं। साथ ही ऐसे ऑडियो भी हैं, जिसमें भाजपा नेता ब्राह्मणों के बड़े नेताओं को कांग्रेस के पक्ष में वोट करने के लिए कह रहे हैं।

हर सीट पर 15 से 17 बड़े नाम
हरियाणा में लोकसभा उम्मीदवारों द्वारा बनाई जा रही लिस्ट में 15 से 17 बड़े नाम हैं। प्रत्याशियों की लिस्ट में सालों से नगर निगमों, DC ऑफिस, RTO ऑफिस, पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विपक्षी दलों की मदद की है। इसका इनपुट भी प्रत्याशियों ने सीएम नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को दिया है।


काउंटिंग के बाद क्या करेगी सरकार....

1. अधिकारियों के ट्रांसफर होंगे
हरियाणा सरकार के सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि 4 जून को चुनाव परिणाम आने के बाद कर्मचारियों-अधिकारियों के खिलाफ अलग रणनीति बनाई है। चुनाव में सरकार के विरोध में एक्टिव रहे अधिकारियों और कर्मचारियों पर सरकार 10 जून तक कार्रवाई करेगी, जिसमें अधिकारियों व कर्मचारियों के ट्रांसफर ऑर्डर की लंबी चौड़ी लिस्ट जारी की जाएगी।

2. हाशिए पर आएंगे BJP नेता, विधायकों के टिकट कटेंगे
भाजपा नेताओं और पार्टी विधायकों के द्वारा भीतरघात करने वालों के लिए सरकार और संगठन ने अलग प्लानिंग की है। भीतरघाती नेताओं व पदाधिकारियों को हाशिए पर डालकर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सबसे अहम बात यह है कि कांग्रेस के लिए काम करने वाले विधायकों की टिकट पर भी खतरा होगा। आने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी टिकट भी कट सकती है।

रिव्यू मीटिंग में उछला था मुद्दा
हरियाणा के लोकसभा चुनाव में बागी और भीतरघातियों का मुद्दा पंचकूला में हुई रिव्यू मीटिंग में उछला था। इस मीटिंग में लोकसभा उम्मीदवारों ने CM नायब सैनी, पूर्व CM मनोहर लाल खट्‌टर, लोकसभा चुनाव इंचार्ज सतीश पूनिया, संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा के सामने इसकी शिकायत की थी।

इसके बाद CM सैनी ने सभी उम्मीदवारों से पार्टी के बागी और भीतरघातियों की लिस्ट के साथ ही कांग्रेस के एजेंट बनने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की लिस्ट बनाने को कहा था।