हरियाणा में सरकारी टीचर की तीसरी पत्नी ने की आत्महत्या, 2 पत्नियां छोड़कर गई, तीसरी से 1 साल पहले की थी शादी

Haryana News: हरियाणा के हिसार में एक सरकारी टीचर की पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। यहां उकलाना क्षेत्र के गांव मदनपुरा में टीचर की तीसरी पत्नी ने मौत को गले लगा लिया। इससे पहले उसकी 2 पत्नियां उसे छोड़कर चली गई थीं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद छोड़ गई दो पत्नियां
जानकारी के मुताबिक 35 साल की दर्शना देवी की एक साल पहले ही विनोद कुमार से शादी हुई थी। 40 वर्षीय विनोद कुमार सरकारी स्कूल में टीचर है और 2 साल से स्कूल में पढ़ा रहा है। बताया जा रहा है कि विनोद की पहली शादी 2014 में हुई थी। 2 साल बाद ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई।
1 साल पहले ही हुई थी शादी
इसके बाद विनोद ने 2017 में उसने दूसरी शादी की। करीब डेढ़ साल बाद उसकी दूसरी पत्नी भी छोड़कर चली गई। साल 2023 में उसने तीसरी शादी की थी। अप्रैल 2023 में विनोद ने दर्शना से शादी रचाई। वहीं दर्शना ने भी विनोद के साथ दूसरी शादी की थी। पहली शादी से उसका एक 14 साल का बेटा है।
मृतका के परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसलिए, उसने जहर निगल लिया। परिजनों ने टीचर पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।