Haryana Doctor Strike: हरियाणा में डॉक्टरों की हड़ताल से दो दिन इलाज को तरसे लोग, 70 KM दूर हुआ पोस्टमार्टम, फर्श पर हुई महिलाओं की डिलीवरी

Haryana Doctor Strike: हरियाणा में 2 दिन से चल रही डॉक्टरों की हड़ताल शुक्रवार को रात को खत्म हो गई है। शनिवार से सभी डॉक्टर सरकार से आश्वासन मिलने के बाद अपने काम पर लौट आए हैं।
हालांकि, गुरुवार और शुक्रवार का दिन मरीजों के लिए काफी परेशानी भरा रहा। गर्भवती महिलाएं डिलीवरी के लिए तड़पती रहीं। वहीं जिन लोगों की मौत हुई। उनके परिजनों को उनका पोस्टमार्टम 70 किलोमीटर दूर जाकर कराना पड़ा।
70 KM दूर हुआ पोस्टमार्टम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में शुक्रवार को 7 पोस्टमॉर्टम हुए। इनमें 2 शव 70 किमी दूर सिरसा और 6 शव 29 किमी दूर फतेहाबाद से रेफर होकर आए। 2 शवों का पोस्टमॉर्टम आज होगा। गुरुवार को 3 शव रेफर होकर आए थे। वहीं रोहतक पीजीआई में गुरुवार को 5 और शुक्रवार को 4 शव रेफर होकर आए हैं।
इसके अलावा फतेहाबाद के अस्पताल में 2 दिन में 6 पोस्टमॉर्टम होने थे, जिन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोह रेफर किया गया। भिवानी की अस्पताल की बात करें शुक्रवार को तीन शवों के पोस्टमॉर्टम किए जाने थे, लेकिन दोपहर 2 बजे तक किसी शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ था, लेकिन बाद में बाहर से डॉक्टर बुलाकर पोस्टमॉर्टम करवाना पड़ा।
कैथल में गर्भवती करती रही डिलीवरी का इंतजार
डॉक्टरों की इस हड़ताल का असर कैथल के गांव सिकंदर खेड़ी की एक गर्भवती महिला पर भी पड़ा। उसने बताया कि उसकी डिलीवरी का समय है। 2 दिन से लगातार वह टेस्ट कराने के लिए अस्पताल आ रही है, सभीटेस्ट भी करा लिए। लेकिन, इसके बाद भी डॉक्टरों ने डिलीवरी नहीं कराई।
पानीपत में महिला ने फर्श पर ही दिया बच्ची को जन्म
खबरों की मानें, तो पानीपत में शुक्रवार को विकास नगर निवासी कंचन कुमारी डिलीवरी के लिए आई, लेकिन उसे भर्ती करने के बजाए करनाल रेफर कर दिया। आरोप है कि उसे नर्स बैठाकर चली गई। इसके दौरान उसे प्रसव पीड़ा हुई और उसने फर्श पर बच्चे को जन्म दे दिया। महिला को तड़पता देख स्टाफ नर्सों ने महिला और बच्ची को भर्ती किया।