हरियाणा के सीएम का बड़ा ऐलान, महिलाओं के लिए की बड़ी घोषणा

 
 महिलाओं के नाम पर दर्ज मकानों
WhatsApp Group Join Now
 

 हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को रोहतक में हरियाणा स्थानीय निकाय चुनाव-2025 के लिए भाजपा के संकल्प पत्र का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह संकल्प पत्र हरियाणा के विकास का रोडमैप है, जिसमें किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी और मजदूर सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया है। यह दस्तावेज जनता से मिले सुझावों और उनकी आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करता है। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली और संकल्प पत्र समिति के संयोजक विपुल गोयल ने भी संकल्प पत्र को हरियाणा के शहरों को विकसित करने की रूप रेखा करार दिया। यहां पहले प्रदेश स्तरीय और फिर तुरंत बाद रोहतक के संकल्प पत्र का विमोचन किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संकल्प पत्र में शामिल विकास के 21 प्वाइंटों को मीडिया के सामने रखा। श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा को तेज़ गति से विकास के लिए “ट्रिपल इंजन सरकार“ की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पहला इंजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार है, जो वित्तीय सहायता और नीतिगत सहयोग प्रदान कर रही है। दूसरा इंजन हरियाणा सरकार है जो इन योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर लागू कर रही है। तीसरा इंजन नगर निकायों में भाजपा की सरकार होगी जो स्थानीय स्तर पर विकास को गति देने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ये तीनों इंजन एक साथ काम करेंगे तो हरियाणा का विकास पहले से कहीं अधिक तेज़ी से आगे बढ़ेगा, जिससे हर वर्ग को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 20 वर्षों से अधिक समय से भूमि पर काबिज परिवारों को भूमि और मकान का मालिकाना हक प्रदान करने पर केंद्रित है, जिससे उनकी विधिवत रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी की जा सके। स्वामित्व योजना के तहत नगर सीमा में आने वाले परिवारों को विशेष राहत दी जाएगी। महिलाओं के नाम पर दर्ज मकानों को 25 प्रतिशत हाउस टैक्स में छूट मिलेगी और अवैध कॉलोनियों को नियमित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय सीमा के अंतर्गत आने वाली गांव की भूमि पर हाउस टैक्स का पुनर्गठन किया जाएगा और अधिग्रहित भूमि पर बने मकानों को विशेष टैक्स राहत दी जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और पार्कों में योग के लिए समर्पित स्थान बनाए जाएंगे। स्मार्ट सड़कों का विकास सभी स्थानीय निकायों में किया जाएगा और छोटे व्यवसायों तथा स्ट्रीट वेंडर्स को वित्तीय सहायता दी जाएगी। औद्योगिक और रासायनिक कचरे के निस्तारण के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जिससे शहरी विकास को टिकाऊ बनाया जा सके।  

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया की बेहतर शासन के लिए, स्थानीय निकायों की समस्याओं का स्थायी समाधान लागू किया जाएगा, जिसमें आधुनिक सेवा केंद्रों की स्थापना शामिल होगी। टियर-2 और टियर-3 शहरों में उच्च गुणवत्ता वाली अध्ययन सामग्री के साथ आधुनिक पुस्तकालय बनाए जाएंगे। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। महिलाओं के लिए निशुल्क सार्वजनिक शौचालय, सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और शिशु आहार कक्षों की व्यवस्था की जाएगी। सड़कों का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाएगा, जिससे उनकी दीर्घकालिक मजबूती सुनिश्चित हो। सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा और ऊर्जा कुशल स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी। आवारा पशुओं के लिए आश्रय स्थल बनाए जाएंगे और कुत्तों एवं अन्य पशुओं की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए विशेष पहल की जाएगी।