हरियाणा में CID चीफ को राष्ट्रपति पदक समेत ये 8 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित

गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्वारा हरियाणा के CID चीफ को विशिष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पद से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अन्य 8 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पद से अलंकृत किया जाएगा।
पदक पाने वाले अधिकारियों और जवानों की इस महत्वपूर्ण उपलब्थि पर खुशी जाहिर करते हुए हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि हरियाणा पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के अथक एवं निरंतर प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान समस्त पुलिस बल के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से पुलिस पदक से अलंकृत होने वाले अधिकारियों के साथ-साथ राज्य पुलिस बल के अन्य अधिकारियों और जवानों का भी मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने चयनित अधिकारियों तथा जवानों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
CID चीफ को राष्ट्रपति पदक मिलेगा
हरियाणा पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक हरियाणा गुप्तचर विभाग के प्रमुख अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सौरभ सिंह को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। साल 2018 में बेहतर अनुसंधान कार्य और सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित सौरभ सिंह मूल रूप से यूपी के लखनऊ के रहने वाले हैं।
अपने 26 वर्ष के कार्यकाल के दौरान 1998 बैच के यह IPS अधिकारी फतेहाबाद, भिवानी, झज्जर, सिरसा, रोहतक व जींद में पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस उपायुक्त गुरुग्राम व पुलिस अधीक्षक यातायात के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।
इन्हें मिलेगा पुलिस पदक
हरियाणा पुलिस में सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों में उप-पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत सिंह, गुप्तचर विभाग, गुरूग्राम, निरीक्षक विश्वजीत, गुप्तचर विभाग, चरखी दादरी, निरीक्षक विपिन कुमार, पुलिस अकादमी मधुबन करनाल, उप-निरीक्षक मोहन सिंह, टेलीकॉम पंचकूला हरियाणा, उप-निरक्षक रणबीर स्पेशल टास्क फोर्स करनाल, उप-निरीक्षक ओमप्रकाश सीन ऑफ क्राइम हिसार, उप-निरीक्षक नरेंद्र कुमार, मुख्यालय गुप्तचर विभाग, सहायक उप-निरीक्षक जगतार सिंह मुख्यमंत्री सुरक्षा डेस्क, गुप्तचर विभाग, हरियाणा शामिल हैं