हिसार में वरमाला के दौरान फायरिंग में दूल्हे के दोस्त की लगी गोली, मौत के बाद मच गई चीख पुकार

 
groom friend died in firing during varmala program
WhatsApp Group Join Now

शादियों में हर्ष फायरिंग करना पुराना प्रचलन है मगर इसके कारण कितने ही परिवार बर्बादी की भेंट चढ़ चुके हैं। अब एक ऐसा ही और मामला सामने आया है। हिसार जिले के पुट्‌ठी गांव में देर रात शादी में जयमाला के समय गोली लगने से दूल्हे के दोस्त की मौत हो गई। मृतक का नाम सोनू है वह अन्य दोस्तों के साथ शादी में आया था। रात को जयमाला की रस्म की खुशी में किसी ने गोली चलाई जो सोनू की छाती में जा लगी। सोनू को गोली लगने के बाद अस्पताल में लेकर जाया गया जहां बाद में डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महम निवासी विजय सिंह ने बताया कि उनका भतीजा सोनू रात को विनय की शादी में शामिल होने के लिए हांसी के गांव पुट्‌ठी में गया था। पुट्‌ठी गांव में पहुंचने पर ढुकाव के बाद जयमाला की रस्म के दौरान किसी ने पिस्तौल से गोली चलानी शुरू कर दी। एक गोली सीधे सोनू की छाती में जा लगी। गोली लगने से वह मौके पर ही गिर गया। बरातियों द्वारा सोनू को महम के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को हांसी लाया गया पुलिस मामले की जांच कर कर रही है।

बास थाना के सब इंस्पेक्टर विजय पाल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी की पुट्‌ठी गांव में देर रात शादी में गोली चली है, सूचना के आधार पर वो मौके पर पहुंचे। अब मृतक के परिजनों के बयान पर आईपीसी धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच की जाएगी की जिस रिवाल्वर से गोली चली है उस रिवाल्वर का लाइसेंसी है या नहीं और ये गोली किसने चलाई थी। उसके बाद जल्द ही उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।