हाथ जोड़कर ले गया ससुर, 2 महीने बाद गर्भवती की पीट-पीटकर हत्या, पति ने बुलेट के लिए भी झगड़ा किया था

भोजपुर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गर्भवती महिला को ससुराल वालों ने मौत के घाट उतार दिया। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी की शादी दो साल पहले हुई थी।
 
हाथ जोड़कर ले गया ससुर, 2 महीने बाद गर्भवती की पीट-पीटकर हत्या
WhatsApp Group Join Now

 

भोजपुर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गर्भवती महिला को ससुराल वालों ने मौत के घाट उतार दिया। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी की शादी दो साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही लड़का कहता था कि उसे लड़की पसंद नहीं है। पूरे परिवार ने मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर दी। 

मायके वालों का आरोप है कि घरेलू विवाद को लेकर हमेशा उसे परेशान किया जाता था, मारपीट की जाती थी। रविवार रात भी उसे बुरी तरह से पीटा गया और मायके वालों को सूचना दी गई कि आपकी बेटी की तबीयत बिगड़ गई है।

मायके वाले सदर अस्पताल पहुंचे तो इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टर ने कहा कि महिला को मृत अवस्था में लाया गया था। जिसके बाद मायके वालों ने अस्पताल परिसर में ही पति सहित तीन की पिटाई कर दी। जिसके बाद से आरोपी पक्ष के सभी लोग फरार हैं।

दो महीने पहले जब मारपीट हुई थी तब मायके वाले और ससुराल वाले दोनों ने मिलकर तय किया था कि अब सभी खुशी-खुशी रहेंगे। महिला के ससुर ने उठक-बैठक कर अपनी ओर से गलती स्वीकार की थी और कहा था आगे से ऐसा नहीं होगा, वरना आप लोग जो चाहिएगा वो सजा दीजिएगा। मामला नवादा थाना क्षेत्र के बाजार समिति मोहल्ले की है।

 
पति ने बुलेट के लिए भी झगड़ा किया था

मृतका नवादा थाना क्षेत्र के बाजार समिति मोहल्ला निवासी अंटु कुमार उर्फ चंदन की 24 साल की पत्नी रोशनी कुमारी थी। मृतका के पिता उदवंतनगर थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी महेश साहू उर्फ टुन्नी ने कहा कि बेटी की शादी 27 अप्रैल साल 2022 को बाजार समिति मोहल्ले निवासी अंटु कुमार उर्फ चंदन से की थी।

शादी के कुछ दिन बाद से उसकी शादीशुदा ननद घर में रहने लगी। जो घरेलू विवाद को लेकर हमेशा झगड़ा करती थी। जिसको लेकर पंचायत भी हुई थी। फिर ननद अपने ससुराल चली गई। इसके बाद उसके पति ने बुलेट बाइक को लेकर झगड़ा किया। समझाने-बुझाने के बाद वह मान गया। बाद में पति और सास किसी न किसी घरेलू विवाद को लेकर झगड़ा, मारपीट और उसे प्रताड़ित करने लगे।

 
दामाद ने फोन पर तबीयत खराब होने की जानकारी दी

मृतका के पिता ने कहा कि रविवार की रात दामाद ने फोन पर कहा कि उसकी तबीयत काफी खराब है। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आए हैं। जिसके बाद हम लोग आरा सदर अस्पताल पहुंचे और इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सक से अपनी बेटी के बारे में पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि ससुराल वालों ने उसे मृत अवस्था में लाया था।

 
मां-पिता की इकलौती लाडली थी

रोशनी मां-बाप की इकलौती लाडली थी। उसके परिवार में मां, दो भाई नीरज कुमार, धीरज कुमार और 9 महीने की बेटी वैष्णवी है। साथ ही वो 6 महीने की गर्भवती भी थी। मृतका के पिता ने उसके पति अंटु कुमार उर्फ चंदन, सास शीला देवी और ससुर ललन प्रसाद पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया है।

नवादा थानाध्यक्ष कमल जीत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिल घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस की समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार महिला की पीट-पीटकर हत्या हुई है।