Delhi Weather:आज दिल्ली -NCR में होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Delhi Weather: अप्रैल का महीना शुरु होते ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरु कर दिए हैं। अगले सात दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभवाना है। बुधवार को अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 8 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना है। आइए जानते हैं आने वाले समय में मौसम कैसा रहने वाला है।
गर्मी ने एक बार फिर जोर दिखाना शुरू कर दिया है। हालांकि अगले सात दिन भीषण गर्मी की संभावना नहीं है। गुरुवार के बाद तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आएगी। वहीं सुबह की शुरुआत आरामदायक रहेगी। बुधवार को भी सुबह आरामदायक रही। धूप आने के बाद तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। बुधवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 36.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा।
कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वानुमान के अनुसार आज गुरुवार को बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 18 डिग्री तक रह सकता है। 5 अप्रैल को घने बादल छाए रहेंगे। एक से दो जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 19 डिग्री रह सकता है। 6 अप्रैल को भी तेज हवाएं चलेंगी। आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 18 डिग्री तक रह सकता है। वहीं 7 से 8 अप्रैल तक आसमान साफ रहेगा। तेज हवाएं चल सकती है। 9 अप्रैल को आंशिक बादल छाएंगे।
कहां कितना तापमान
दो बजे के बाद आंशिक बादल दिखाई देने लगे। बीच-बीच में हवा के तेज झोंके अपने साथ धूल उड़ा रहे थे। कुछ जगहों पर काफी हल्की बूंदाबांदी दर्ज हुई। मंडी हाउस, गोल मार्केट आदि एरिया में बूंदाबांदी हुई। यह इतनी कम थी कि इसे मौसम विभाग के उपकरण दर्ज नहीं कर सके। वहीं हवा में नमी का स्तर 24 से 75 प्रतिशत तक रहा। आया नगर में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री, नजफगढ़ में 37.9, पीतमपुरा में 37.6 और पूसा में 37.5 डिग्री रहा। वहीं कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान एक बार फिर 20 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। इनमें पालम का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री, नजफगढ़ का 20.3, पीतमपुरा का 21.2 और राजघाट का 21.4 डिग्री रहा।
कब तक पड़ेगी भीषण गर्मी
स्काईमेट के अनुसार अप्रैल की शुरुआत सुखद रही। पिछले 2 दिनों से गर्मी कम है। अगले सात दिन राजधानी में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री का इजाफा जरूर हो सकता है। पिछले साल भी अप्रैल में इसी तरह की स्थिति बनी हुई थी। तब अप्रैल के पहले हफ्ते में तापमान 34 डिग्री के आसपास ही था। इस बार राजधानी में 5 अप्रैल को मामूली बूंदाबांदी हो सकती है।