निगम चुनाव हरियाणा:18 नगर परिषदों के चुनाव नतीजे,10 निकायों पर भाजपा का कब्जा,देखें पूरा परिणाम

 
निगम चुनाव हरियाणा:18 नगर परिषदों के चुनाव नतीजे,10 निकायों पर भाजपा का कब्जा,देखें पूरा परिणाम
WhatsApp Group Join Now

18 नगर परिषदों के चुनाव नतीजे

10 निकायों पर भाजपा का अध्यक्ष

इनेलो और जजपा का 1-1, छह निर्दलीय

चंडीगढ़।

हरियाणा में हुए नगर परिषद चुनावों के लिए मतगणना के बाद स्थिति साफ हो गई है। 18 नगर परिषदों में से इस बार 10 के अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा हो गया है। इनमें गोहाना, जींद, झज्जर, बहादुरगढ़, चरखी दादरी, कालका, सोहना, फतेहाबाद, कैथल, पलवल में पार्टी के उम्मीदवार जीते हैं। वहीं हांसी, नरवाना, नारनौल, टोहाना, भिवानी, होडल में निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। नूंह में अध्यक्ष पद पर जजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। मंडी डबवाली में इनेलो समर्थित अध्यक्ष पद पर जीता है।

वहीं पिछले कार्यकाल को देखें तो 13 नगर परिषदों के अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा था। इस बार तीन निकायों में नुकसान हुआ है। वहीं कांग्रेस को पिछली बार 4 निकायों में जीत मिली थी। इस बार कांग्रेस ने पार्टी सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ा, प्रत्याशियों को सिर्फ समर्थन ही दिया है। वहीं कालका में पहली बार चुनाव हुआ है।

अपने प्रत्याशी की खुशी पर लड्‌डू बांटकर खुशी मनाते समर्थक।

अपने प्रत्याशी की खुशी पर लड्‌डू बांटकर खुशी मनाते समर्थक।

भिवानी नगर परिषद चुनाव में निर्दलीय प्रीति भवानी सिंह 4305 वोटों से जीत गईं । उन्हें कुल 25912 वोट मिले। आम आदमी पार्टी से इंदु शर्मा 21607 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रही। तीसरे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी मीनू अग्रवाल 20782 वोट प्राप्त कर पाईं। भाजपा उम्मीदवार प्रीति हर्षवर्धन मान 16043 वोट प्राप्त कर चौथे स्थान पर रहीं।

पंचकूला जिले में कालका नगर परिषद के चेयरमैन पद पर भाजपा के कृष्ण लाल लांबा ने जीत हासिल की। लांबा ने निर्दलीय उम्मीवार पवन कुमारी शर्मा को हराया। लांबा को 20829 और पवन कुमारी शर्मा को 14348 वोट मिले।

सोहना नगर परिषद से भाजपा प्रत्याशी अंजू ने 1864 वोट से जीत हासिल की। दूसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार ललिता रहीं। जींद नगर परिषद में भाजपा की अनुराधा सैनी ने 19053 वोट लेकर जीत हासिल की। वहीं, कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार निशा लखीना को 10567 वोट मिले।

नरवाना नगर परिषद चुनाव में निर्दलीय मुकेश मिर्धा ने 10432 वोट लेकर जीत हासिल की। वहीं कनिका 10090 वोट लेकर दूसरे नंबर पर रहीं।

होडल नगर परिषद से निर्दलीय इंद्रेश सौरोत जीत गईं। यहां भाजपा के उम्मीदवार चौथे स्थान पर रहा। होडल में इंद्रेश को 9629 वोट मिले। दूसरे नंबर पर उदय सिंह को 5827, तीसरे स्थान पर ब्रजभूषण को 5785 और चौथे स्थान पर भाजपा के लखनपाल ने 4198 वोट मिले।

फतेहाबाद में चेयरमैन पद के भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह 1154 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। नगर परिषद झज्जर से भाजपा के जिले सिंह सैनी (10711) जीत गए। यहां निर्दलीय नाहर सिंह (4587) दूसरे और निर्दलीय भूदेव (3676) तीसरे स्थान पर रहे। गोहाना में भाजपा की रजनी विरमानी 3040 वोटों से चुनाव जीत गईं।

हांसी नगर परिषद में निर्दलीय प्रवीण ऐलावादी 5505 वोट से जीत गए हैं। नूंह नगर परिषद के चैयरमेन पद पर जजपा के संजय मनोचा 237 वोट से जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय विष्णु सिंगला को हराया। मनोचा को 2704 और सिंगला को 2467 वोट मिले।