CM Flying Raid : हरियाणा में नकली किताबों पर CM फ्लाइंग की रेड, 8 जिलों में छापामारी कर NCERT की 6 हजार बुक जब्त

CM Flying Raid : हरियाणा में किताबों के बाजार में नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) की नकली किताबों की एंट्री हो गई है।
CM फ्लाइंग स्क्वायड की रेड में यह खुलासा हुआ है।
टीम ने राज्य भर में 8 जिलों में छापामारी कर 12 किताब विक्रेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने इस मामले को गंभीरता से लिया है
साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह विभागीय स्तर पर भी इस मामले में कार्रवाई करें।
सीएम फ्लाइंग स्क्वायड ने पूरे हरियाणा में 25 जगह छापामारी की।
छापे की यह कार्रवाई गुरुग्राम, हिसार, फरीदाबाद, करनाल, रोहतक, रेवाड़ी, पंचकूला और अंबाला जिलों में एक साथ की गई।
इस दौरान गुरुग्राम में 7, हिसार में 2 और फरीदाबाद, करनाल और रेवाड़ी में 1-1 मामले दर्ज किए गए।
अब तक सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड ने NCERT की 6 हजार नकली किताबें जब्त की हैं।
बुकसेलर सस्ते दामों पर NCERT की नकली किताबें खरीदते और फिर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचते पाए गए हैं।
राज्य सरकार के अनुसार, सोनीपत में RPS डिस्ट्रीब्यूटर पर छापा मारा गया और 705 किताबें जब्त की गईं।
रेड के दौरान यह भी बात सामने आई कि नकली किताबें बेचकर बुकसेलर्स 50 से 60 फीसदी तक मुनाफा कमा रहे हैं।
राज्य में वैसे ही NCERT की किताबों की कमी चल रही थी, इसलिए इन पुस्तक विक्रेताओं का व्यापार खूब फलफूल रहा है।
नकली किताबों में सस्ते कागज और स्याही का इस्तेमाल किया जा रहा है।
हरियाणा सरकार के अधिकारियों के अनुसार, ये नकली किताबें बिना बिल के खरीदी और बेची जा रही थीं और इससे राज्य को भी GST का नुकसान हुआ है।
यह भी सामने आया कि कुछ स्कूलों ने माता-पिता को NCERT की किताबों से अनावश्यक किताबें या डायरी खरीदने के लिए मजबूर किया, जो महंगी थीं और माता-पिता पर बोझ डालती थीं।