Haryana News : हरियाणा में ऑस्ट्रेलिया के उद्यमी खोलेंगे अस्पताल और खेल विश्वविद्यालय, स्वदेश लौटकर गृह मंत्री अनिल विज ने दी बड़ी जानकारी

 
अनिल विज
WhatsApp Group Join Now
हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के उद्यमियों ने हरियाणा के साथ आपसी सहयोग के तहत राज्य में खेल विश्वविद्यालय खोलने की पेशकश की है।

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के उद्यमियों ने हरियाणा के साथ आपसी सहयोग के तहत राज्य में खेल विश्वविद्यालय खोलने की पेशकश की है। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया के एक अन्य उद्यमी ने राज्य में 1500 बिस्तर का अस्पताल खोलने की भी पेशकश उनके साथ हुई एक बैठक के दौरान की।

विज ने यह जानकारी आज यहां ऑस्ट्रेलिया दौरे से वापिस लौटने के उपरांत मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल विश्वविद्यालय और 1500 बिस्तर का अस्पताल खोलने के लिए पत्र प्रदेश सरकार की ओर से भेजने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं ताकि इन दोनों प्रोजेक्टों को शीघ्र अति शीघ्र सिरे चढ़ाया जा सके।

 

उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के परिवहन एवं सिटी सर्विसेज के मंत्री श्री क्रिस्टोफर जेम्स स्टील से भी उनकी मुलाकात हुई। इस मुलाकात में विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा और ऑस्ट्रेलिया के बीच आपसी सहयोग देने पर चर्चा और विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के परिवहन मंत्री को हरियाणा आने का न्योता भी दिया है। इस पर ऑस्ट्रेलिया के मंत्री ने हरियाणा आने के निमंत्रण को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की सरकार के साथ विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के लिए भी आगे की कार्यवाही की जा रही है।

ऑस्ट्रेलिया में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भगवत गीता का दिव्य ज्ञान हरियाणा के कुरूक्षेत्र की धरती पर दिया गया था। इस ज्ञान में मनुष्य की हर कठिनाई का समाधान बताया गया है। साथ ही लोक-परलोक सिद्ध करने हेतु बताया गया है। उन्होंने बताया कि यह ज्ञान हरियाणा वासियों, कुरूक्षेत्रवासियों, किसी क्षेत्र, किसी जाति, किसी धर्म के लिए नहीं हैं बल्कि यह ज्ञान पूरी मानव जाति के लिए हैं। इससे सीख लेकर सफल जीवन जिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भगवद गीता के ज्ञान को दूर-दूर तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। इससे पहले कनाडा, यूके और मॉरिशस में गीता महोत्सव आयोजित किए जा चुके हैं। अब कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड ने गीता महोत्सव ऑस्ट्रेलिया में आयोजित करवाया है। श्री विज ने कहा कि इस महोत्सव के आयोजन के लिए लोगों का भरपूर सहयोग रहा और जहां यह महोत्सव आयोजित किया गया वह हाल पूरी तरह से भरा हुआ था। इस कार्यक्रम में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज सहित अन्य संत समाज और विद्धान उपस्थित थे।

विज ने बताया कि वे ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए जिस फ्लाइट से जा रहे थे तो उस फ्लाइट में सवार लोगों व फ्लाइट के क्रू सदस्यों ने उनका दिल से स्वागत किया और उनके साथ फोटो खिंचवाई। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में हर किसी ने उनका तहेदिल से स्वागत किया और लोगों का उन्हें भरपूर स्नेह मिला।