Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में फिर एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ, मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट

 
Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में फिर एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ, मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट
WhatsApp Group Join Now
Today Weather Update: उत्तर भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज आने वाले दिनों में बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

इसके अलावा राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव हो सकता है। आईएमडी का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो चुका है। जिसके कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि बारिश, बर्फबारी और कोल्ड वेव के कारण पहाड़ी इलाकों में ठिठुरन बढ़ सकती है। आईएमडी ने बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट आ सकती है। 

पंजाब हरियाणा में ठंड का कहर जारी

पहाड़ों में बर्फबारी और सर्द हवाओं के कारण कई मैदानी इलाकों में ठंड पड़ रही है। दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश तक तेज हवा चल रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि ये हवाएं 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से  चल रही हैं। 

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी सर्द हवाएं चल रही है। उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह और शाम ठंड में इजाफा हो रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 से 13 फरवरी तक बारिश, बर्फबारी और सर्द हवाओं का दौर रह सकता है। 

दिल्ली के तापमान में हुआ इजाफा

आईएमडी के अनुसार दिल्ली के तापमान में इजाफा हो रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 4 डिग्री अधिक है। 

जबकि, न्यूनतम तापमान भी दहाई अंक से नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है। 

राजस्थान में भी बदल रहा है मौसम

राजस्थान में भी मौसम करवट ले रहा है। दिन में खिली धूप से सर्दी का अहसास कम हो रहा है, लेकिन शाम और सुबह के समय कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि राज्य के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हुआ है। 

यूपी में भी बढ़ने लगा है तापमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि यूपी में अगले एक सप्ताह के अंदर तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आने वाला है। अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में कोहरा छाने से लेकर किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं जारी हुआ है। 

इसके साथ ही 14 फरवरी तक प्रदेश में तेज हवा और बारिश होने के आसार भी नहीं जताए गए हैं। यूपी में मौसम में बहुत खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। 

लेकिन एक सप्ताह के बाद तापमान में 3 से चार डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10, 11,13 और 14 फरवरी तक राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहेगा।