YouTube Channels: केंद्र सरकार की बड़ी डिजीटल सर्जिकल स्ट्राइक, इन YouTube चैनलों पर लिया सख्त एक्शन

 
YouTube Channels: केंद्र सरकार की बड़ी डिजीटल सर्जिकल स्ट्राइक, इन YouTube चैनलों पर लिया सख्त एक्शन
WhatsApp Group Join Now

खुफिया एजेंसियों के इनपुट के आधार पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने YouTube को 10 YouTube चैनलों से 45 YouTube वीडियो को ब्लाक करने का निर्देश दिया है। इन वीडियो को 1 करोड़ 30 लाख से अधिक बार देखा गया था।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बताया, 'इस तरह के वीडियो में सांप्रदायिक विद्वेष पैदा करने और देश में सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित करने की क्षमता पाई गई।'

23 सितंबर को जारी किए गए आदेश

अधिकारियों ने कहा, 'सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम 2021 के प्रावधानों के तहत 23 सितंबर को संबंधित वीडियो को ब्लाक करने के आदेश जारी किए गए थे। अवरुद्ध वीडियो को 1 करोड़ 30 लाख से अधिक बार देखा गया था।'

मंत्रालय ने आगे दावा किया कि इन वीडियो की सामग्री में देश में सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करने के इरादे से फर्जी समाचार और फर्जी वीडियो शामिल हैं।

क्यों ब्लाक किया गया वीडियो?

अधिकारियों ने कहा, 'वीडियो में सांप्रदायिक विद्वेष पैदा करने और देश में सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित करने की क्षमता पाई गई थी। जिन वीडियो को ब्लाक किया गया है, उनमें अग्निपथ योजना, भारतीय सशस्त्र बलों, भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र, कश्मीर आदि के बारे में गलत जानकारी शामिल है। कुछ वीडियो में भारतीय क्षेत्र के बाहर जम्मू और कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों के साथ भारत की गलत बाहरी सीमाओं को दर्शाया गया है।'

संप्रभुता और अखंडता के साथ नहीं होगा कोई समझौता

अधिकारियों ने कहा, 'मंत्रालय द्वारा अवरुद्ध सामग्री को भारत की संप्रभुता और अखंडता, राज्य की सुरक्षा, विदेशी राज्यों के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण संबंधों और देश में सार्वजनिक व्यवस्था के लिए हानिकारक पाया गया था। इस पर सामग्री को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69 ए के दायरे में शामिल किया गया था। भारत सरकार भारत की संप्रभुता और अखंडता, राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी संबंधों और सार्वजनिक व्यवस्था को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए प्रतिबद्ध है।'

राष्ट्रहित में लिया गया फैसला- अनुराग ठाकुर

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, 'मंत्रालय ने देश के खिलाफ जहर उगलने, गलत सूचना के माध्यम से मित्र देशों के साथ संबंधों को तोड़ने के प्रयास के लिए 10 यूट्यूब चैनलों को प्रतिबंधित और निलंबित कर दिया है। यह पहले भी राष्ट्रहित में किया गया है। भविष्य में भी ऐसा किया जाएगा।'

अब तक 102 यूट्यूब चैनल हो चुके ब्लाक

यह पहली बार नहीं है जब केंद्र सरकार ने भारत विरोधी सामग्री पर प्रतिबंध लगाया है। भारत के खिलाफ नफरत फैलाने के आरोप में अब तक 102 यूट्यूब चैनल चार फेसबुक पेज, पांच ट्विटर अकाउंट और तीन इंस्टाग्राम अकाउंट को भी ब्लाक कर दिया गया है।