लड़कियां कपड़े बदलती हैं तो प्रिंसिपल मोबाइल में सब देखता है, कॉमन रूम में लगा है CCTV
मध्य प्रदेश से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां गुरू शिष्य का रिश्ता तार-तार हो गया है।मामले में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के ट्वीट ने सीएम शिवराज सिंह चौहान और कटनी जिले की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उटाए हैं। दरअसल, कटनी के बरही शासकीय महाविद्यालय की छात्राओं ने विधायक संजय पाठक के सामने कॉलेज के प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसके बाद मामला तूल पकड़ने लगा है।
क्या है आरोप...
छात्राओं की मानें तो प्राचार्य ने कॉमन रूम में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं। जब गर्ल्स कपड़े बदलने जाती हैं तो प्राचार्य अपने मोबाइल में वीडियो देखते हैं। यही नहीं, प्राचार्य गलत नीयत से टच भी करते हैं।
कुछ दिनों पहले की घटना
यह घटनाक्रम बीते कुछ दिनों का बताया जा रहा है. विधायक संजय पाठक अफसरों और कर्मचारियों के साथ गेस्ट हाउस में विजयराघवगढ़ महोत्सव को लेकर बैठक ले रहे थे। उस दौरान शासकीय कॉलेज के प्राचार्य भी मौजूद थे। इसी बीच महाविद्यालय की छात्राएं मौके पर पहुंच गईं और विधायक संजय पाठक से मिलकर प्राचार्य की लिखित और मौखिक शिकायत की।
जांच टीम से मिली रिपोर्ट
जांच टीम से मिली रिपोर्ट का हवाला देते हुए कलेक्टर अवि प्रसाद ने आगे की कार्रवाई के लिए अतिरिक्त संचालक जबलपुर को महाविद्यालय के प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से अन्यत्र पदस्थ करने के लिए पत्र लिखा है। वहीं कांग्रेस इस मामले को लेकर आंदोलन कर रही है और प्राचार्य पर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है।