युवक ने विधायक को बना डाला शिकार, लड़की बनकर की वीडियो कॉल, फिर अश्लील वीडियो बनाकर मांगे पैसे

 
युवक ने विधायक को बना डाला शिकार, लड़की बनकर की वीडियो कॉल, फिर अश्लील वीडियो बनाकर मांगे पैसे
WhatsApp Group Join Now

महाराष्ट्र के एक शिवसेना विधायक को भरतपुर के एक ठग ने सेक्सटॉर्शन के मामले में फंसा लिया है। इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार आधी रात भरतपुर के सीकरी से ठग को गिरफ्तार कर लिया है।

इस टीम के साथ सीकरी थाने की पुलिस भी थी। फिलहाल पुलिस MLA को फंसाने वाले ठग को मुंबई ले जा रही है। उससे वहीं कड़ी पूछताछ होगी। इसके बाद अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जाएगा। सेक्सटॉर्शन के केस में फंसे शिवसेना के MLA मंगेश कुड़ारकर मुंबई में कुर्ला विधानसभा क्षेत्र से हैं।

मुंबई के कुर्ला विधायक मंगेश कुड़ारकर के पास 20 अक्टूबर की रात को एक मैसेज आया। यह मैसेज मौसमदीन ने ही किया था। चैट में खुद को महिला बताकर ठग ने विधायक से मदद मांगी। विधायक मंगेश महिला की मदद के लिए तैयार हो गए। कुछ देर बाद विधायक के पास एक महिला का वीडियो कॉल आया।

महिला ने विधायक से करीब 15 सेकेंड तक बात की और मदद की बात की। वीडियो कॉल कटते ही ठग ने एक अश्लील वीडियो सेंड कर दिया। यह वीडियो विधायक का वीडियो था, जिसे एडिट किया गया था। यह भेजकर ठग ने ब्लैकमेल करते हुए विधायक से 5 हजार रुपए की मांग की। फोन-पे पर विधायक मंगेश ने ठग को 5 हजार रुपए डाल दिए।

दूसरे दिन विधायक मंगेश के फोन पर किसी दूसरे नंबर से फोन आया। ठग ने अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करते हुए फिर से 11 हजार रुपए की मांग की। विधायक मंगेश ने इसके तुरंत बाद कुर्ला थाने में सेक्सटॉर्शन से ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज करवाया।

उनकी शिकायत पर मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने उसके फोन-पे वाले नंबर के आधार पर आरोपी मौसमदीन को ट्रेस किया। इस दौरान पुलिस लगातार उसकी लोकेशन वॉच करती रही। जब पुलिस भरतपुर पहुंची तो सीकरी थाने से संपर्क किया और लोकेशन पर साथ चलने के लिए रणनीति तैयार की।

पुलिस को शक था कि यदि वह दिन में लोकेशन पर पहुंची तो ठग भाग सकता है, उसे सूचना मिल सकती है। ऐसे में यह टीम रात करीब 11 बजे सीकरी से तेसकी गांव के लिए निकली। रात में पुलिस जब उसके गांव पहुंची तो वह मोबाइल पर चैट करता हुआ घूम रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।