रोहतक अखाड़ा हत्याकांड- छह हत्याओं के आरोपी सुखविंद्र ने खेला नया पेंतरा, लगाई ये याचिका
रोहतक में फरवरी महीने में जाट कॉलेज अखाड़ा हत्याकांड के आरोपी सुखविंद्र ने कोर्ट में जेल बदलने की याचिका लगाई है। आरोपी ने रोहतक जेल में खुद की जान को खतरा बताते हुए जेल बदलने की मांग की है।
आरोपी सुखविंद्र के वकील की तरफ से दायर याचिका में कहा गया है कि रोहतक की सुनारिया जेल में अन्य बंदियों से जान का खतरा है, इसलिए उसे करनाल या भौंडसी जेल में ट्रांसफर किया जाए।
सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता पक्ष के वकील जय हुड्डा के अलावा पुलिस और जेल प्रशासन ने अपना तर्क दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने सुनारिया जेल प्रशासन से इस संबंध में पूरी जानकारी के साथ जबाव मांगा है।
मामले में शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे एडवोकेट जय हुड्डा का कहना है कि आरोपी सुखविंदर ने यह तर्क दिया है कि सुनारिया जेल में मोखरा, मांडौठी आदि क्षेत्रों के कैदी भी हैं। इन क्षेत्रों के दो लोगों की हत्याओं का उस पर आरोप है, जिसके चलते उसे इन बंदियों से उसे अपनी जान का खतरा है।
गौरतलब है कि शहर के जाट कॉलेज अखाड़े में 12 फरवरी को कोच सुखविंद्र ने मुख्य कोच मनोज समेत 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतकों में मुख्य कोच मनोज के अलावा, उसकी पत्नी साक्षी, 3 साल का बेटा सरताज, कोच प्रदीप, सतीश और पूजा शामिल थे। पुलिस ने आरोपी कोच सुखविंद्र और उसको हथियार उपलब्ध कराने वाले मनोज को गिरफ्तार किया है। मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चल रहा है।