Online Dating App Fraud: चंडीगढ़ के रिटायर्ड सैनिक ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप के झांसे में आकर लुटा दिए 21 लाख, जानें कैसे बिछाया था जाल
Online Dating App Fraud: हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में एक रिटायर्ड सैनिक को ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर चैटिंग करना महंगा पड़ गया। उसे चैट करने वाली लड़कियों ने 21 लाख रुपए का चूना लगा दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। रिटायर्ड फौजी की उम्र 75 साल बताई जा रही है।
कैसे बिछाया गया जाल
पीड़ित रिटायर्ड फौजी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने ऑनलाइन ऐप के जरिए चैटिंग शुरू की थी। इसमें शुरुआत में उसकी बात किसी तनु नाम की लड़की से हुई थी। उसने ऑनलाइन पैसे लेकर चंडीगढ़ की कुछ लड़कियों के नंबर उपलब्ध कराए थे। उन्होंने धीरे-धीरे करके उसे यह चूना लगाया है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी किसी से मुलाकात नहीं हुई है। यह गिरोह कोलकाता से चलता है। इसमें लड़कियां सिर्फ वॉट्सऐप नंबर पर चैट करती हैं। ऑनलाइन गूगल पे पर 2000 मंगवा कर वॉट्सऐप पर कुछ लड़कियों की तस्वीर दिखाई गई थी। जिसमें से उसने एक को पसंद कर लिया। इसके बाद शिकायतकर्ता को एक लड़की कृति का नंबर दिया गया।
कृति ने फोन पर शिकायतकर्ता को कहा कि वह उसका गोल्ड कार्ड बनवा देंगे। गूगल पे पर 10200 रुपए डाल दें। इसके बाद ही वह लड़की से बात कर पाएंगे। 200 रुपए काटकर बाकी रकम उन्हें वापस कर दी जाएगी। बाद में पीड़ित की दो अलग-अलग लड़कियों से वॉट्सऐप चैट होने लगी। धीरे-धीरे कर पीड़ित से कुल 16.5 लाख रुपए अलग-अलग खातों में जमा करवा लिए।
जारी रहा सिलसिला
कुछ समय बाद शिकायतकर्ता को एक रश्मि नाम की लड़की की कॉल आई और कहा कि तनु ने उसका नंबर दिया है। तनु को नौकरी से निकाल दिया गया था और उसकी मौत हो गई है। तनु ने आपके बारे में बताया था और रुपए रिफंड करने को कहा था। इसके लिए शिकायतकर्ता को कुछ और रकम जमा करवाने के लिए कहा गया। दिए गए नंबर पर 4.5 लाख रूपए और जमा करवा लिए। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता से बात करना बंद कर दिया।