Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बेटी को जन्म देना महिला को पड़ा भारी, ससुराल के लोगों ने जहर देकर की हत्या

 
SAI
WhatsApp Group Join Now

Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पिहोवा की गुरुनानक कॉलोनी में ससुरालियों ने जहर देकर महिला की हत्या कर दी। घटना देर रात की बताई जा रही है। मरने से पहले महिला ने अपनी बहन को कॉल करके उसे जहर खिलाने की बात बता दी थी। मृतक की शिनाख्त 32 वर्षीय रजनीश के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्या था मामला ?

ज्ञानचंद निवासी पजोखंरा जिला अंबाला ने बताया कि उसकी छोटी बेटी रजनीश की शादी 26 अप्रैल 2020 को अमित के साथ हुई थी। उसका दामाद गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। कल मंगलवार को उसकी बेटी की ननद की शादी होनी थी। इसी के चलते अमित अपने घर आया हुआ था। रात करीब 9 बजे उसकी अमित के साथ फोन पर बातचीत हुई थी।

दामाद ने बेटी से नहीं कराई थी बात


रजनीश के बारे में पूछने पर अमित ने कुछ नहीं बताया और न ही उसकी रजनीश के साथ कोई बातचीत कराई थी। बाद में उसे बड़ी बेटी रीटा ने फोन पर बताया कि रजनीश की मौत हो गई है। उसका शव कुरुक्षेत्र के अस्पताल में पड़ा है। मरने से पहले रजनीश ने उसकी बहन सीमा को जहर देकर मारने की बात बताई थी।

शादी के एक साल बाद बेटी को दिया जन्म


बताया कि शादी के एक साल बाद रजनीश ने एक बेटी वाणी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के बाद से अमित उसकी बेटी के साथ मारपीट करने लगा था। रजनीश को खर्चा नहीं देता था। मजबूरी में अपना और अपनी बच्ची का पेट पालने के लिए रजनीश कंपनी में नौकरी करती थी। उसका पति, सास बेअंत कौर और ननद रेणु उसे प्रताड़ित करते थे और ताने देते थे। रविवार को उन्होंने जहर देकर उसकी हत्या कर दी।

पति सहित 3 नामजद


थाना शहर पिहोवा प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने अमित, बेअंत कौर और रेणु के खिलाफ IPC की धारा 302 और 34 के तहत FIR दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। साथ ही विसरा भी जांच के लिए भेजा जाएगा।