Haryana News : होटलों में लड़कियों को भेजकर कराते थे देह व्यापार, पुलिस ने महिला व युवक को किया गिरफ्तार
लड़कियों को देह व्यापार के लिए दोनों आरोपी होटलों में भेजते थे। जिन युवतियों को इस धंधे में धकेला जाता था उन्हें नौकरी व अच्छा पैसा कमाने का झांसा दिया जाता था। एक माह में युवतियों से 60 से 70 बार देह व्यापार कराया जाता था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंजलि को गिरफ्तार किया तो उसने पूछताछ में कई दलालों के नाम पुलिस को बताए। सबूतों के आधार पर पुलिस ने पंडित अपार्टमेंट फ्लैट में रेड की। जहां से आरोपी शमसेर सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पंजाब व राजस्थान से लाई गई दो युवतियों को बरामद किया। कोर्ट में दोनों ने कई खुलासे किए। उन्होंने बताया कि अंजलि व दीप उनसे गलत काम कराते थे। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
दुष्कर्म किया जाता था नौकरी दिलाने के नाम पर
26 वर्षीय युवती दिल्ली निवासी ने 12 अक्टूबर को सेक्टर-17 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह नौकरी की तलाश में थी। लगभग छह महीने पहले उसकी मुलाकात राजकुमार के साथ हुई। राजकुमार उसे नौकरी दिलवाने के बहाने यमुनानगर लेकर आ गया। यहां आरोपी ने उसे नहर काॅलोनी निवासी अंजली, उसके पति विक्की व मुस्कान के पास छोड़ दिया। आरोप है कि विक्की ने उसे नौकरी दिलवाने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया था। जब उसने इस बारे अंजली व मुस्कान को बताया तो उन्होंने भी विक्की का ही साथ दिया। बाद में पता लगा कि यह गिरोह है और वेश्यावृत्ति का धंधा करता है। एक दिन वह किसी तरह से आरोपियों से बचकर निकली। फिलहाल वह शहर में किराये के मकान में रह रही है।
जिसका नाम आएगा उसे गिरफ्तार करेंगे
महिला थाना प्रभारी दीपिका ने बताया कि एसपी गंगा राम पूनिया के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई है। देह व्यापार की गंदगी को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा। इसके लिए पुलिस दलालों तक पहुंचेगी। उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने का काम किया जाएगा।