Haryana News: हरियाणा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 1 साल पहले स्कूल में हुआ था विवाद
Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी में एक युवक की मौत हो गई। कुछ दिन पहले युवक पर कुछ बदमाशों ने हमला किया था। जिसके बाद वह पिछले चार दिनों से गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती था। मगर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में मॉडल टाउन थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानें क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी शहर के आनंद नगर का रहने वाला 18 साल का आर्यन 12वीं के बाद चंडीगढ़ से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा था। आर्यन के मामा महेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होनें बताया कि आर्यन कुछ दिन पहले घर आया था। बीते रविवार की शाम को करीब 7 बजे पता लगा कि सेक्टर-4 में झगड़ा हो गया है और उनके भांजे आर्यन को गंभीर चोटें आई हैं।
20- 25 लोगों ने किया हमला
वह तुरंत वहां पहुंचे और आर्यन को गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तभी पता चला कि आर्यन सेक्टर-4 में अपने दोस्तों के साथ था। इसी दौरान बाइकों पर 25-30 लड़के वहां पहुंचे। उन्होनें लोहे की रॉड और हॉकी से आर्यन और उसके दोस्तों को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। इसमें आर्यन और उसके दोस्तों को गंभीर चोटे आई थी। चार दिन तक इलाज के बाद आर्यन ने दम तोड़ दिया, वहीं उसके दोस्तों का उपचार जारी है।
1 साल पहले हुआ था झगड़ा
मृतक युवक के मामा का कहना है कि 1 साल पहले ही आर्यन का उसके स्कूल में कुछ लोगों के साथ झगड़ा हो गया था। उसी रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल मामा की शिकायत पर पुलिस ने साहिल सिराधना, प्रिंस यादव, गोल्डी यादव, जुगनू पंजाबी और मोहित यादव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।