Haryana news : हरियाणा के हिसार में रिटायर्ड बैंक मैनेजर की गला रेतकर हत्या, मंदिर से लौटते समय बदमाश ने किया हमला
Haryana news : हरियाणा के हिसार दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां सोमवार सुबह लगभग 10 बजे सेक्टर 33 पुलिस नाके के पास स्कूटी से जा रहे रिटायर्ड मैनेजर की हत्या कर दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। मृतक की पहचान रिटायर्ड बैंक मैनेजर 70 वर्षीय विजय आहूजा के रूप में हुई है।
मंदिर में पूजा कर लौटते समय हत्या
जानकारी के अनुसार रिटायर्ड बैंक मैनेजर विजय आहूजा सुबह सेक्टर 33 स्थित अपने आवास से स्कूटी पर सवार होकर मंदिर में पूजा करने के लिए गए थे। प्रीति नगर स्थित मंदिर में पूजा के बाद विजय आहूजा सुबह करीब सवा 10 बजे अपनी स्कूटी पर सवार होकर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान सत्य नगर रोड पर सेक्टर 33 पुलिस नाके के पास अज्ञात हमलावर ने उसकी गर्दन पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। जिससे विजय आहूजा स्कूटी से गिर गए तथा उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। फिलहाल रिटायर्ड बैंक मैनेजर की हत्या को लूट से जोड़कर देखा जा रहा है।
सीसीटीवी से हत्यारे तक पहुंचने का प्रयास
रिटायर्ड बैंक मैनेजर की हत्या के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। कोई प्रत्यक्षदर्शी न होने से अब हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने व हत्यारे पर कानून का शिकंजा कसने के लिए काफी हद तक पुलिस की नजर सीसीटीवी पर टिकी हुई है। यही कारण है कि पुलिस ने घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए। ताकि हत्यारें के बारे में सुराग का पता लगाया जा सके।
घटना स्थल को देखने के बाद माना जा रहा है कि लूट के इरादे से हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। हालांकि वास्तविकता हत्यारोपी की गिरफ्तारी व जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगी।