Crime News: अफेयर में अंधे पति ने तबाह कर दिया हंसता- खेलता परिवार, पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए रची खौफनाक साजिश
Crime News: मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने खुद ही अपना परिवार तबाह कर दिया। आरोपी की 4 साल पहले शादी हुई, फिर बेटा हुआ। इसके बाद दोबारा उसकी पत्नी गर्भवती हुई। कुछ ही महीनों बाद घर में नया मेहमान आने वाला था।
लेकिन पति ने अपनी इश्कबाजी के चक्कर में अपना परिवार उजाड़ दिया। पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए पति ने ऐसी साजिश रची, जिसे सुनकर पुलिस वालें भी दंग रह गए। मामला मध्यप्रदेश के जबलपुर का है। 6 महीने की गर्भवती रेशमा चौधरी जबलपुर के बरेला इलाके की कजरवारा की रहने वाली थी। बीते शनिवार को बोलेरो की फ्रंट सीट पर उसकी लाश मिली। उसके पति शुभम चौधरी के सिर पर भी चोट के निशान थे।
मामला पुलिस तक पहुंचा तो महिला के पति ने उन्हें बताया कि कुछ बदमाशों ने उनपर हमला किया था। जिसकी वजह से उसकी पत्नी की मौत हो गई और वह बेहोश गया। लेकिन इसके बाद पुलिस को शुभम की हरकतों पर शक हुआ। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वो बयान बदलने लगा। इसके बाद पुलिस का शक यकिन में बदल गया। पुलिस ने सख्ती से पुछताछ की तो आरोपी ने सारा राज उगल दिया।
दरअसल आरोपी शुभम के किसी और महिला से अवैध संबंध थे। इसी के चलते पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने लगा। पत्नी ने शुभम की शिकायत थाने में भी की थी। तब पुलिस ने शुभम और उसकी प्रेमिका को बुलाकर समझाया था। लेकिन इसके बाद शुभम ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने का प्लॉन बनाया। पुलिस के मुताबिक शुभम ने तीन महीने तक वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग की।
इस काम के लिए शुभम ने दोस्तों को 60 हजार रुपए दिए थे। उनके दोस्तों ने ही उनपर हमला किया। शुभम के सिर पर जो चोट लगी थी, वह प्लान का हिस्सा थी। उसके दोस्त ने ही उसका सिर फोड़ा था। घटना से पहले आरोपी शुभम अपने डेढ़ साल के बच्चे को उठाकर बोलेरो से बाहर निकल आया था। उसके बाद उसके दोस्त ने रेशमा की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुभम चौधरी के साथ उसके दोस्त प्रहलाद ठाकुर, अनुराग कुशवाहा और शिबू चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।