Chopal Tv, Chandigarh
हरियाणा में किसान आंदोलन के चलते भाजपा ने अब किसान महापंचायतें ना करने का फैसला लिया है। भाजपा की तरफ से अब किसानों के समांनातर किसी प्रकार के बड़े आयोजन नहीं किये जाएंगे। इसका फैसला गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया गया है।
करनाल के कैमला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की किसान महापंचायत में हंगामे के बाद यह फैसला लिया गया है। किसान महापंचायत में हंगामे के बाद हरियाणा भाजपा और जजपा के नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
केंद्रीय हाइकमान को किसान महापंचायत के दौरान हुए हंगामे को लेकर पूरी जानकारी दी गई जिसके बाद किसानों के समांनातर भाजपा की तरफ से किसी प्रकार के बड़े आयोजनों पर रोक लगाई है। वहीं किसान महापंचायतों के जरिये माहौल ज्यादा बिगड़ने की संभावना है, जिसके चलते इस प्रकार का फैसला लिया है।
वहीं दूसरी तरफ अभय चौटाला ने अब अपने पुराने नेताओं को जोड़ने की तैयारी कर दी है। अभय चौटाला अब किसान आंदोलन के साथ साथ प्रदेशभर में जाने की तैयारी में हैं। अभय चौटाला ट्रैक्टर यात्रा के जरिये जनता के बीच जाएंगे और अपने पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जुड़ेंगे।
अभय चौटाला 15 जनवरी से अंबाला के शंभू बार्डर से दिल्ली तक ट्रैक्टर यात्रा की तैयारी में जुट गए हैं। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की देखरेख में इसकी तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए कार्यक्रम घोषित किए जाने वाले हैं।