हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती में PMT की तारीख तय: 6 हजार पदों पर होगी भर्ती, इस बार उम्र में मिलेगी छूट

हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने हरियाणा में 6 हजार पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारियां शुरु कर दी है।
 

हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने हरियाणा में 6 हजार पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारियां शुरु कर दी है। एचएसएससी की तरफ से फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट की तारीख तय कर दी है। अब फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) 31 जुलाई से पहले होगा।

इस संबंध में आयोग की तरफ से खेल विभाग को लेटर जारी कर दिया है। इसमें पीएमटी क लिए पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम को रिजर्व रखने के लिए कहा गया है। खेल निदेशालय की तरफ से लेटर को पंचकूला जिला खेल अधिकारी को मार्क कर भेजा गया है। 

PMT के बाद 2 और टेस्ट होंगे
आयोग ने पुरुष सिपाही के 5 हजार और महिला सिपाही के 1 हजार पदों पर दोबारा भर्तियां निकाली हैं। इसके लिए पहले PMT होगा। उसके बाद फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) होगा। फिर नॉलेज टेस्ट लिया जाएगा। नॉलेज टेस्ट के लिए 4 गुना उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट किए जाएंगे।

चूंकि, विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श चुनाव आचार संहिता 15 सितंबर 2024 के आसपास लगने की संभावना है, इसलिए आयोग का प्रयास है कि पुलिस सिपाही की भर्ती प्रक्रिया अगस्त के अंत तक पूरी कर ली जाए।

आवेदन के लिए 8 जुलाई लास्ट डेट
आयोग की ओर से इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 जुलाई तक मांगे गए हैं। उसके बाद ही PMT प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। हालांकि, आयोग ने खेल निदेशालय को पत्र लिखकर 1 जुलाई से ही PMT के लिए वॉलीबॉल हॉल और बास्केटबॉल हॉल रिजर्व रखने को कहा है।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने खेल विभाग को पत्र लिखकर कहा है कि हरियाणा पुलिस सिपाही पदों के लिए पुरुष और महिला उम्मीदवारों का PMT 1 जुलाई से 31 जुलाई तक होना है।

इस बार उम्र में मिलेगी छूट
कोविड-19 के कारण सरकार इस बार पुलिस भर्ती में 3 साल उम्र की छूट दे रही है। इस बार सिपाही के लिए 18 से 28, सब इंस्पेक्टर (SI) के लिए 21 से 30 साल तक के उम्मीदवार पात्र हैं। उम्र की गणना उस महीने के पहली तारीख को गिनी जाएगी, जिस महीने में आयोग या अन्य भर्ती एजेंसी आवेदन मांगेगी। हरियाणा कैबिनेट की मंजूरी के अनुसार, यह उम्र केवल 2024 में निकाली जाने भर्ती के लिए ही मान्य होगी।

अब तक ये उम्र का प्रावधान था
हरियाणा गृह विभाग के 8 मई, 2017 को नोटिफाई पुलिस (नॉन गैजेटड एंड अन्य रैंक) सर्विस रूल्स के रूल नंबर 5 में उम्र का प्रावधान किया गया है। इसमें लिखा है कि SI पद पर सीधी भर्ती के लिए 21 से 27 वर्ष की उम्र और सिपाही पद पर सीधी भर्ती के लिए 18 से 25 वर्ष तक की उम्र के व्यक्ति ही पात्र होंगे।

हालांकि, अभी तक पुलिस ने SI पदों पर भर्ती करने का कोई फैसला नहीं किया है, मगर उम्मीदवारों की मांग है कि ग्रुप C सीईटी हो चुका है, इसलिए SI पदों पर भी भर्ती की जानी चाहिए, ताकि उन्हें भी उम्र का लाभ मिल सके।