पुलिस के ASI को पीछे से मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

 


रोहतक में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। जिसमें एक व्‍यक्ति की जान चली गई। शहर में हुडा कांप्लेक्स फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन की टक्कर से लगने से दिल्ली पुलिस के एएसआइ की मौत हो गई। स्वजनों की तरफ से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आर्य नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपित की तलाश में लगी हुई है।

पुलिस को दी गई शिकायत में न्यू राजेंद्रा कालोनी निवासी जसबीर ने बताया कि उसके पिता रामबीर सिंह दिल्ली पुलिस में एएसआइ के पद पर तैनात थे। सोमवार को वह बाइक लेकर दिल्ली में रह रही अपनी बहन के पास गए थे। वापस लौटते समय हुडा कांप्लेक्स फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसी दौरान जसबीर ने उनके मोबाइल पर फोन किया, जो किसी राहगीर ने उठाया।

जिसने हादसे के बारे में जानकारी दी। पता चलते ही परिवार के सदस्य वहां पर पहुंचे। जिन्होंने राहगीरों की मदद से आनन-फानन में घायल रामबीर को उपचार के लिए पीजीआइएमएस में भर्ती कराया।

हालत में सुधार नहीं होने पर वह निजी अस्पताल में रेफर कराकर ले गए। वहां पर उपचार के दौरान धर्मबीर ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

उधर, कलानौर के पास भी सड़क हादसे में एक युवक घायल हो गया। भिवानी का रहने वाला रमेश सोमवार देर रात किसी से बाइक लेकर रोहतक की तरफ आ रहा था। कलानौर के नजदीक पहुंचने पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर उसके स्वजन भी मौके पर पहुंच गए थे। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।