हिसार में पिछले 8 घंटे से लगातार बारिश जारी, गर्मी से मिली राहत, IMD ने जारी किया अलर्ट

हरियाणा में मानसून की शुरुआत हो चुकी है। मानसून का असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। हिसार में पिछले 8 घंटे से लगाता बारिश हो रही है।
 

हरियाणा में मानसून की शुरुआत हो चुकी है। मानसून का असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। हिसार में पिछले 8 घंटे से लगाता बारिश हो रही है। बारिश से शहर के निचले इलाके पूरी तरह पानी में डूब गए है। बारिश से गर्मी से राहत मिली है। वहीं किसानों को बारिश से फायदा मिलेगा। 

प्रशासन की ओर से किए दावे फेल नजर आ रहे हैं। हिसार के दिल्ली रोड, ऑटो मार्केट, कैंप चौक, शांति नगर, मिल गेट रोड, अर्बन एस्टेट, अनाज मंडी रोड, विकास नगर, मॉडल टाउन, विद्युत नगर सहित कई एरिया में पानी जमा हो गया है।

बारिश के कारण लोगों के वाहन सड़क पर ही बंद हो गए। सबसे ज्यादा परेशानी दुपहिया वाहन चालकों को हो रही है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि 1 जुलाई से पूरे हरियाणा में मानसून एक्टिव हो जाएगा। इसके कारण हिसार और आसपास के एरिया हांसी, बरवाला, आदमपुर और अग्रोहा में तेज बारिश देखी गई।

अफसरों की कोठियों में घुसा पानी
मॉडल टाउन स्थित जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय पानी में पूरी तरह जलमग्न हो गया। इसी रोड पर पब्लिक हेल्थ के अफसरों के घरों में पानी खड़ा हो गया। अर्बन एस्टेट और सत्या एन्कलेव जैसे पॉश इलाकों में पानी मुख्य मार्गों पर जमा हो गया।

सबसे ज्यादा बुरा हाल हिसार की लाइफ लाइन कहे जाने वाले दिल्ली रोड का है। यहां 3 फुट पानी सड़कों पर जमा है। दावा किया जा रहा था कि इस रोड पर बरसाती नाले की सफाई का काम किया गया है मगर एक बारिश ने उन सभी दावों की पोल खोल कर रख दी है।