IAS Sujata Saunik: हरियाणा की बेटी ने रचा इतिहास, बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव, जानिए कौन है सुजाता सौनिक 

तेज तर्रार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुजाता सौनिक महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बनी है।
 

IAS Sujata Saunik: तेज तर्रार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुजाता सौनिक महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बनी है। रविवार को उन्होनें  अपना पदभार संभाला, इसके साथ उन्होंने महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बनने का इतिहास भी रच दिया है। महाराष्ट्र के 64 वर्षों के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी महिला को मुख्य सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है।

 हरियाणा की रहने वाली सुजाता सौनिक  1987 बैच की आईएएस अधिकारी है।  उन्होंने नितिन करीर का स्थान लिया है। दक्षिण मुंबई स्थित राज्य सचिवालय में आयोजित एक समारोह में नितिन करीर ने सुजाता सौनिक को कार्यभार सौंपा। 

15 जून 1965  जन्मी आईएएस सुजाता सौनिक हरियाणा की रहने वाली हैं। वहीं उनके पति रिटायर्ड आईएएस मनोज सौनिक बिहार के रहने वाले हैं, वह भी महाराष्ट्र के मुख्य सचिव रह चुके हैं। ये दोनों एक ही बैच के आईएएस हैं। 

आईएएस सुजाता सौनिक की स्कूलिंग और कॉलेज की पढ़ाई चंडीगढ़ से हुई। इसके बाद उन्होनें पंजाब यूनिवर्सिटी से इतिहास में मास्टर्स की डिग्री हासिल की। इसके अलावा वह हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में TechMi फेलो भी रह चुकी हैं। वह संयुक्त राष्ट्र के साथ कई देशों में काम कर चुकी हैं। साल 2000 से 2005 तक सुजाता संयुक्त राष्ट्र मिशन में प्रतिनियुक्ति पर कोसोव के दूसरे सबसे बड़े शहर प्रिजरेन के म्युनिसिपल एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में काम कर चुकी हैं।

सुजाता सौनिक के पास सार्वजनिक नीति और शासन के क्षेत्र में तीन दशकों का अनुभव है। उन्होंने स्वास्थ्य, वित्त, शिक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अहम योगदान दिया है।