हरियाणा के आधे जिलों में हो रही झमाझम बारिश, पंजाब, हिमाचल और चंडीगढ़ में छाए रहेंगे बादल, IMD का अलर्ट जारी


 

हरियाणा पर मानसून इस बार मेहरबान नजर आ रहा है। आज प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होने के आसार है। शनिवार रात से ही हरियाणा के आधे से ज्यादा हिस्सों में बारिश हो रही है।
 

हरियाणा पर मानसून इस बार मेहरबान नजर आ रहा है। आज प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होने के आसार है। शनिवार रात से ही हरियाणा के आधे से ज्यादा हिस्सों में बारिश हो रही है। हरियाणा के चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर,रोहतक, फतेहाबाद समेत कई जिलों में बारिश हुई।

मौसम विभाग ने हिसार, सिरसा, फतेहाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। हिसार में रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पूरे शहर पानी से लबा-लब हो गया है। मौसम विभाग ने बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।

शनिवार को हरियाणा के 8 जिलों हिसार, सिरसा, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, मेवात, पंचकूला, सोनीपत, भिवानी में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। हरियाणा में सबसे ज्यादा बारिश मेवात में 51 एमएम दर्ज की गई।

पंजाब के 4 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

पंजाब के कई जिलों में बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की कमी आई है। वहीं, यह सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री कम दर्ज किया गया है। अबोहर में सबसे अधिक 37.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग ने आज सुबह 9 बजे तक बुढलाडा, सरदूलगढ़, लहरा, मानसा, सुनाम, मूनक, पतारा, तलबंडी साबो में मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बिजली भी चमकेगी। इसके अलावा संगरूर बरनाला, तपा, धुरी, मूनक, समाना, पटियाला, नाभा, मलोट, बठिंडा और राजपुरा फूल में हल्की बारिश की संभावना है।


चंडीगढ़ में आज छाए रहेंगे बादल

सिटी ब्यूटीफुल चंड़ीगढ़ में मानसून पहुंच चुका है। कई एरिया में बारिश हो रही है। इस वजह से मौसम ठंडा हो गया है। लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। हालांकि तेज बारिश होने की वजह से कई एरिया में जलभराव की दिक्कत का सामना भी लोगों को करना पड़ रहा है।

वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी रविवार को बादल छाए रहेंगे। साथ ही बारिश होने होने का अनुमान है। वहीं, शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया ।

 
हिमाचल में 150 से ज्यादा सड़कें बंद, फ्लैश फ्लड का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बीती रात को भारी बारिश हुई। इससे कई जगहों पर भूस्खलन के बाद 150 से ज्यादा सड़कें और 334 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने शिमला और सिरमौर जिला में कुछे स्थानों पर फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है।

यह चेतावनी रविवार की सुबह 11.30 बजे तक दी गई है। इसे देखते हुए दोनों जिलों के लोगों को एहतियात बरतने और लोगों को नदी नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के बाद नदी- नालों का अचानक जल स्तर बढ़ सकता है। IMD के अनुसार 12 जुलाई तक बारिश का पूर्वानुमान है। 8 और 9 जुलाई को मानसून की गति थोड़ी धीमी होगी। 10 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होगा।