Haryana Weather: हरियाणा में आज एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ,  8 जुलाई तक होगी झमाझम बारिश, अलर्ट जारी

हरियाणा में शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इसके साथ ही यूपी पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
 

Haryana Weather: हरियाणा में शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इसके साथ ही यूपी पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। दोनों के प्रभाव से हरियाणा में 5 से 8 जुलाई के बीच बारिश की संभावना है। वहीं इस महीने के शुरुआती 4 दिनों में प्रदेश में सामान्य से 20 फीसदी बारिश कम हुई है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने कहा कि 28 जून से मानसून ने हरियाणा में दस्तक दे दी है। लकिन इसके बाद से मानसून की ज्यादा सक्रियता नहीं देखने को मिली। प्रदेश में बिखराव वाली बारिश की गतिविधियां हो रही है। हालत यह है कि कुछ जिले अभी बारिश को तरस रहे हैं।

1 जून से 4 जुलाई के दौरान हरियाणा में कुल 54.7 मिलीमीटर बरसात हुई है। जबकि इस दौरान सामान्य बारिश 68.6 मिलीमीटर होती है। इस हिसाब अब तक की बारिश सामान्य से 20 प्रतिशत कम है।

हरियाणा के 11 जिलों में बारिश की कमी बनी हुई है। हालांकि आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून की बारिश के आसार है। वीरवार को हिसार, महेंद्रगढ़, रोहतक, भिवानी समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

आगे ऐसा रहेगा मौसम
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि आने वाले दिनों में हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार को सक्रिय हो रहा है, जो अपने साथ अरब सागर की नमी लेकर आएगा। 

वहीं एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के मध्य भागों पर बना हुआ है, जिसके असर से बंगाल की खाड़ी से नमी मिलेगी। इसके अलावा मानसून की अक्षय रेखा फिरोजपुर, रोहतक, लखनऊ, बलिया, पूर्णिया होते हुए मणिपुर तक बनी हुई है। इन सभी के असर से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में मानसून 8 जुलाई तक मेहरबान रहेगा।