हरियाणा पुलिस अफसरों को 2 महीने नहीं मिलेगी छुट्टी: नए कानून लागू हो रहे, DGP शत्रुजीत का आदेश- इमरजेंसी में ही...

हरियाणा पुलिस विभाग में छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने इस मामले में ऑर्डर जारी कर दिया गया है।
 

हरियाणा पुलिस विभाग में छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने इस मामले में ऑर्डर जारी कर दिया गया है। ऑर्डर के अनुसार जून और जुलाई में पुलिस अफसरों की छुट्टी पर रोक रहेगी।

दरअसल, जिलों में तैनात IPS अफसरों और सुपरवाइजरी ऑफिसर्स की ओर से छुट्टी के लिए लगातार एप्लिकेशन पुलिस मुख्यालय भेजी जा रही हैं। चूंकि, केंद्र के 3 नए कानून सूबे में 1 जुलाई से लागू हो रहे हैं, तो राज्य पुलिस ने अधिकारियों से 31 जुलाई तक इमरजेंसी को छोड़कर छुट्टी न मांगने का आग्रह किया है।

इसलिए जारी किए गए ऑर्डर
राज्य पुलिस प्रमुख DGP शत्रुजीत कपूर ने औपनिवेशिक युग के भारतीय दंड संहिता (IPC), दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 1872 की जगह लेने वाले 3 नए आपराधिक कानूनों के मद्देनजर अधिकारियों की छुट्टी पर प्रतिबंध लगा दिया है, जो 1 जुलाई से देश में लागू होने जा रहे हैं।

राज्य पुलिस ने यह उपाय यह सुनिश्चित करने के लिए किया है कि परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए कई अप्रत्याशित समस्याएं जो सामने आ सकती हैं, उन्हें हल करने के लिए पर्यवेक्षी अधिकारी ऑफिस और फील्ड में मौजूद रहें।


हरियाणा के DGP इसलिए चिंतित
केंद्र के 3 नए कानूनों को लेकर हरियाणा के DGP की चिंता की वजह प्रदेश में बढ़ता अपराध का ग्राफ है। राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (NCRB) की साल 2022 की रिपोर्ट के अनुसार 2022 में प्रदेश में 2.43 लाख आपराधिक मामले दर्ज हुए थे, जो साल 2021 से 17.6 फीसदी अधिक हैं।

बच्चों के खिलाफ अपराधों में भी 7.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में साल 2022 में 6,138 मामले दर्ज किए गए, जो साल 2021 में 5,700 और 2020 में 4,338 थे। हरियाणा में पॉक्सो एक्ट के तहत 1,272 बच्चियों के यौन शोषण के मामले भी दर्ज हुए हैं। इसके अलावा 68 लड़कों को भी शोषण का शिकार बनाया गया है।

हरियाणा में महिलाओं से दुष्कर्म और बच्चों के खिलाफ अपराध के 57.2% मामलों में अदालत में आरोप पत्र दाखिल करने की दर भी काफी खराब रही है। बच्चों के खिलाफ अपराधों में आरोप पत्र दाखिल करने की दर साल 2022 में महज 41.6 प्रतिशत रही है।

यहां देखिए DGP के ऑर्डर...


ऑर्डर के बाद भी 8 IPS लीव पर गए
DGP ने भले ही हरियाणा पुलिस डिपार्टमेंट में लीव पर ब्रेक लगा दिया है, लेकिन सूबे के 8 IPS ऐसे भी हैं, जो अभी लीव पर चल रहे हैं। इनमें पुलिस कमिश्नर, IGP, जिलों के SP तक शामिल हैं। IPS ऑफिसर कमांडेंट विनोद कुमार 30 अक्टूबर तक छुट्‌टी पर चल रहे हैं।

इसके अलावा IPS ऑफिसर AIG कमलदीप गोयल 30 जून तक छुट्‌टी पर हैं। IPS वीरेंद्र कुमार और SP कैथल उपासना 23 जून यानी कल तक छुट्‌टी पर हैं। IGP हरदीप सिंह दून 25 तक छुट्‌टी पर रहेंगे।

सोनीपत और झज्जर के पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन 24 तक लीव हैं। CID के IGP मनीष चौधरी 30 जून तक अवकाश पर हैं। ADGP अमिताभ ढिल्लन 7 जुलाई तक के लिए छुट्‌टी पर हैं।

यहां देखिए छुट्‌टी पर गए ऑफिसर्स की लिस्ट...